कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक

 बालोद : कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी और प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति तथा जमीनी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों व किसानों को समय-सीमा में योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने राजस्व न्यायालयों में दर्ज अविवादित व विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, वृक्ष कटाई अनुमति तथा त्रुटि सुधार से जुड़े प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही ‘स्वामित्व योजना’ के तहत लक्षित ग्रामों में अधिकार अभिलेखों के निर्माण, अंतिम प्रकाशन, नक्शों से जुड़ी प्रक्रिया और हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। 

बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपार्जन केंद्रों पर ड्रेनेज व्यवस्था एवं सुव्यवस्थित स्टैक प्लान तैयार करने, बैनर-फ्लेक्स व मुनादी के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने, बारदाना सत्यापन, सिलाई-स्टैंसिल व्यवस्था तथा धान में नमी की सूक्ष्म जांच जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि किसी भी सोसायटी में संभावित धान आवक और उपलब्ध स्थान के हिसाब से अतिरिक्त स्टैक की आवश्यकता का पूर्व आकलन कर लिया जाए तथा जहां जगह की कमी हो, उसकी सूची तत्काल संबंधित एसडीएम को उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान करने को कहा गया। इसके अलावा पट्टाधृति अधिकार अधिनियम के तहत नगरीय क्षेत्रों में आवासहीन व्यक्तियों के सर्वेक्षण, पात्रता निर्धारण और पात्र हितग्राहियों को पट्टा प्रदान करने से संबंधित कार्यवाही की अद्यतन जानकारी ली गई तथा कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, श्री जीएल यादव, श्री हरिवंश सिंह मिरी एवं श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। 
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.