बालोद पुलिस की गांजा तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई, 138 किलो से ज्यादा गांजा बरामद
बालोद : थाना सनौद पुलिस ने गांजा तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने वाले नेटवर्क का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में कुल 138.551 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹69,27,550 है, बरामद किया गया है।
पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त 01 पिकअप वाहन, 01 मोटरसाइकिल, 04 मोबाइल फोन एवं ₹13,000 नगद सहित कुल ₹85,72,550 की संपत्ति जप्त की है।
मामला ऐसे खुला
थाना सनौद में अपराध क्रमांक 143/2026, धारा 20(ख) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है। दिनांक 21.11.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अरकार निवासी भीषम सतनामी अपने घर में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है।
पुलिस टीम ने गवाहों के साथ ग्राम अरकार में दबिश देकर आरोपी भीषम सतनामी के कब्जे से 1.995 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पूछताछ में उसने गांजा ग्राम अरकार निवासी कामता प्रसाद कोसरे से खरीदना बताया।
दूसरी कड़ी - कामता प्रसाद कोसरे
विवेचना में कामता प्रसाद कोसरे से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि विगत लगभग एक वर्ष से ग्राम खप्परवाड़ा निवासी ओमप्रकाश पटेल एवं कुलेश्वर पटेल, जो दोनों सगे भाई हैं, उसके गांव में आकर गांजा बिक्री करते थे। उसने दोनों भाइयों से गांजा खरीदकर भीषम सतनामी को बेचा था। कामता प्रसाद के कब्जे से गांजा बिक्री की रकम ₹3,000 नगद एवं मोबाइल फोन जप्त किया गया।
तीसरी कड़ी - 136 किलो गांजा बरामद
कामता प्रसाद की जानकारी पर पुलिस टीम ने ग्राम खप्परवाड़ा पहुंचकर घेराबंदी कर दोनों सगे भाइयों को पकड़ा। उनके घर में लोहे की पेटी एवं दीवान के अंदर छिपाकर रखे गए 134 पैकेटों में 136.56 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत ₹68,27,800 है।
पूछताछ में दोनों भाइयों ने बताया कि वर्ष 2023 में खेती का काम छोड़कर उन्होंने महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CQ 1575 खरीदा था। वाहन को किराये पर चलाने के लिए वे कोलकाता एवं बनारस जाते थे। नुकसान और किश्तों का भुगतान नहीं हो पाने के कारण उन्होंने पिकअप को भिलाई फल मंडी में किराये पर लगा दिया तथा फल-सब्जी लाने के लिए ओडिशा जाने लगे।
अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से उन्होंने ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से गांजा खरीदकर छत्तीसगढ़ में खपाना शुरू किया। एक बार में लगभग 10 से 20 किलोग्राम गांजा लाकर अपने घर में छिपाकर रखते थे।
जप्त सामग्री का विवरण
- गांजा: 138.551 किलोग्राम, कीमत ₹69,27,550
- महिंद्रा पिकअप: CG 07 CQ 1575, कीमत ₹15,00,000
- मोटरसाइकिल: CG 08 BF 9607, कीमत ₹1,07,000
- मोबाइल फोन: 04 नग, कीमत ₹25,000
- नगद रकम: ₹13,000
- कुल जप्त संपत्ति: ₹85,72,550
गिरफ्तार आरोपी
1. भीषम सतनामी, पिता शत्रुघन सतनामी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम अरकार, थाना सनौद, जिला बालोद
2. कामता प्रसाद कोसरे, पिता स्व. बलराम कोसरे, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम अरकार, थाना सनौद, जिला बालोद
3. ओमप्रकाश पटेल, पिता पुनाराम पटेल, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम खप्परवाड़ा, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद
4. कुलेश्वर पटेल, पिता पुनाराम पटेल, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम खप्परवाड़ा, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद
प्रकरण में धारा 20(ख) NDPS एक्ट के साथ धारा 29 NDPS एक्ट भी जोड़ी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रकांत गवर्ना एवं डीएसपी श्री विनय साहू के मार्गदर्शन में की गई।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

No Previous Comments found.