गुरूर पुलिस की अवैध शराब पर कार्रवाई, 36 पाव देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
बालोद - थाना गुरूर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ग्राम कोलिहामार से आरोपी बसंत साहू को 36 पाव देशी प्लेन शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 6.480 बल्क लीटर देशी प्लेन शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,880 है, जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 24 नवंबर 2026 को थाना गुरूर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक श्री कुलेश्वर यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कोलिहामार निवासी एक व्यक्ति अपने घर के पास काले रंग के थैले में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम कोलिहामार में मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां मुखबिर के बताए हुलिए के व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम बसंत साहू, पिता हिरमन साहू, उम्र 40 वर्ष, निवासी कोलिहामार, थाना गुरूर, जिला बालोद बताया।
36 पाव शराब बरामद
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे में रखे काले रंग के थैले की तलाशी लेने पर उसमें देशी प्लेन शराब के 36 पाव बरामद हुए। प्रत्येक पाव में 180 एमएल शराब भरी हुई थी।
आरोपी द्वारा शराब रखने एवं बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर शराब को विधिवत जब्त कर लिया गया।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
उक्त मामले में थाना गुरूर में अपराध क्रमांक 0177/2026, छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 2015 की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक श्री कुलेश्वर यादव एवं थाना गुरूर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के क्रय-विक्रय से दूर रहें और ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना को सूचित करें।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

No Previous Comments found.