यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि “संकल्प से सिद्धि” तक पहुंचाने वाला विज़न डॉक्यूमेंट है : आनंद यादव

बलौदाबाजार : भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव ने कहा यह बजट छत्तीसगढ़ सहित हमारे जिले बलौदाबाजार - भाटापारा जैसे विकासशील, औद्योगिक व कृषि प्रधान जिले के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलता है।

इस बजट में बलौदाबाजार से भाटापारा मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं विकास हेतु 25 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है, जो क्षेत्र की जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित निर्णय है। इस मार्ग के विकसित होने से आवागमन सुगम होगा, सभी वर्गों को फायदा होगा, साथ ही बजट में बलौदाबाजार में बीएड कॉलेज, महाविद्यालय में उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना, ई ट्रैक, कसडोल - गरियाबंद सड़क, सियान गुड़ी बलौदाबाजार में, दाऊ कल्याण सिंह महाविद्यालय को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा, कन्या महाविद्यालय का स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उन्नयन, कसडोल में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना, भाटापारा में नालंदा परिसर निर्माण, भाटापारा में मॉडल उप पंजीयन कार्यालय भवन, हथबंद - शिकारी केशली व्हाया जांगड़ा तक सड़क निर्माण, गिरौदपुरी मेले की राशि में बढ़ोतरी, मड़वा में सतनाम धर्मशाला हेतु 50 लाख का प्रावधान जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य शामिल है।
जन-आकांक्षाओं को पूरा करने वाला, विकासोन्मुख और संवेदनशील बजट है।

श्री यादव ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि “संकल्प से सिद्धि” तक पहुंचाने वाला विज़न डॉक्यूमेंट है।

जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी ने कहा कि आयुष्मान योजना के लिए 1500 करोड़ का प्रावधान गरीब परिवारों के लिए जीवन रक्षक साबित होगा साथ ही 3500 करोड़ जल संसाधन विभाग को देकर किसानों की सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने का संकल्प दिखाया गया है। यह बजट गांव, गरीब और किसान को समर्पित है, 75 करोड़ की लागत से 250 महतारी सदनों का निर्माण महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। 5000 करोड़ की मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना से गरीब परिवारों को मुफ्त चावल और राशन की निरंतर सुरक्षा मिलेगी, वहीं 1422 करोड़ की सामाजिक सुरक्षा पेंशन से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और विधवाओं को सम्मानजनक जीवन का सहारा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पीएम आवास के लिए अतिरिक्त 800 करोड़ से हजारों गरीबों का पक्का घर का सपना पूरा होगा।

मीडिया प्रभारी आलोक अग्रवाल ने कहा कि 9450 करोड़ रुपये पीडब्ल्यूडी कार्यों के लिए देकर सड़कों और अधोसंरचना को नई मजबूती दी गई है। 1750 करोड़ उद्योग और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए आवंटित कर युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ को निवेश और औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है।

भाजपा युवा नेता रितेश श्रीवास्तव ने कहा कि अबूझमाड़ और जगरगुंडा में 100 करोड़ की लागत से एजुकेशन सिटी का प्रावधान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा की क्रांति लाएगा। दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर में CGIT की स्थापना तथा 35 करोड़ से AI सेंटर की शुरुआत युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उन्हें राष्ट्रीय और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाएगी। यह बजट भविष्य की पीढ़ी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
रायपुर मेट्रो रेल परियोजना के लिए सर्वे प्रक्रिया आगे बढ़ाना शहरी परिवहन को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में बड़ा कदम है। यह बजट विकास की गति को कई गुना बढ़ाने वाला है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि यह बजट विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण की ठोस आधारशिला है। जनकल्याण, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी प्रगति के संतुलित समावेश के साथ यह बजट प्रदेश में सकारात्मक माहौल और विश्वास का वातावरण मजबूत करेगा।

रिपोर्टर : बलदाऊ सिंह ठाकुर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.