दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान
बलौदाबाजार : आज भाजपा जिला बलौदाबाजार-भाटापारा का राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 जिला प्रशिक्षण वर्ग कार्यशाला का आयोजन पूज्य सिंधी पंचायत भवन तिल्दा में आहूत किया गया।
इस जिला प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित भाजपा के वरिष्ठ वक्ताओं द्वारा सभी प्रशिक्षणार्थियों को पार्टी की रीति नीति से अवगत कराया एवं विभिन्न विषयों पर विस्तार रूप से मार्गदर्शन दिये।
कार्यशाला में जिलेभर से आए भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं अपेक्षित वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन स्थल पर पूरे दिन संगठनात्मक गतिविधियों एवं वैचारिक सत्रों का उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।
प्रथम सत्र में प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय ने “हमारा इतिहास-विकास” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रसेवा और अंत्योदय के सिद्धांतों पर कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महापुरुषों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए संगठन की मजबूत नींव रखी। आज उसी विचारधारा और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति परिवारवाद, तुष्टिकरण और सत्ता केंद्रित नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, अंत्योदय और सुशासन पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के “अंत्योदय” के सिद्धांत को आत्मसात करते हुए भाजपा सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य कर रही है।
द्वितीय सत्र में पूर्व विधान सभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने “कार्यपद्धति” विषय पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए संगठन की कार्यशैली, अनुशासन एवं बूथ सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
तीसरे सत्र में प्रदेश कार्य समिति सदस्य शिव रतन शर्मा ने “कार्यकर्ता विकास – गुण, आचरण और दायित्व बोध” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि एक आदर्श कार्यकर्ता का व्यवहार ही संगठन की पहचान होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सेवा, समर्पण एवं अनुशासन के साथ संगठन कार्य करने की प्रेरणा दी।
चतुर्थ एवं पंचम सत्र में राजीव सिंग एवं मितुल कोठारी ने “विचार-परिवार” विषय पर संबोधित करते हुए भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा एवं संगठनात्मक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विचार आधारित राजनीति ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है।
षष्ठम एवं व्यवहारिक सत्र में जिला प्रभारी अमित साहू संगठनात्मक अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को व्यवहारिक राजनीति एवं जनसंपर्क के महत्वपूर्ण सूत्र बताए।
प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता माननीय आनंद यादव जी जिला अध्यक्ष भाजपा, माननीय टंक राम वर्मा केबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़ शासन, माननीय डॉ. सनम जांगड़े जी प्रदेश अध्यक्ष भाजपा अनु. जाति मोर्चा, माननीय डॉ अजय राव जी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भाजपा, माननीय टेसू लाल धुरंधर जी प्रदेश सह संयोजक शिक्षा प्रकोष्ठ, सम्माननिया श्रीमती लक्ष्मी बघेल जी पूर्व विधायक, सम्माननिया अदिति बघमार जी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं श्री कृष्णा अवस्थी जी जिला महामंत्री भाजपा एवं जिला मीडिया प्रभारी आलोक अग्रवाल एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पूरे दिन चले विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, सेवा कार्य, जनकल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन एवं कार्यकर्ता विकास जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
रिपोर्टर : बलदाऊ सिंह ठाकुर


No Previous Comments found.