"भाजपा का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न"

बलौदाबाजार : भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर भाजपा जिला इकाई द्वारा दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026’ का भव्य आयोजन तिल्दा स्थित पूज्य सिंधी धर्मशाला में 17 एवं 18 मई को संपन्न हुआ। इस आवासीय प्रशिक्षण वर्ग में जिले भर से अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन की रीति-नीति, विचारधारा एवं आगामी चुनावी चुनौतियों को लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के आगमन, ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह एवं प्रदेश संयोजक सोशल मीडिया मितुल कोठारी ने प्रशिक्षण वर्ग के महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि सीखना एक सतत प्रक्रिया है और वर्तमान राजनीति में संगठनात्मक प्रक्रिया, विचारधारा तथा समसामयिक विषयों की जानकारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रतिवर्ष लाखों नए कार्यकर्ता जुड़ते हैं, जिन्हें प्रशिक्षण के माध्यम से पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा से परिचित कराना आवश्यक होता है।
द्वितीय दिवस के सत्र में पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों की गहरी जानकारी देने के साथ-साथ आपसी समन्वय और संगठनात्मक समझ को भी मजबूत करता है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक नींव हैं और उन्हीं के परिश्रम एवं समर्पण से भाजपा लगातार चुनावों में सफलता प्राप्त करती है। उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उनके क्रियान्वयन तथा उसमें संगठन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही देश के समक्ष मौजूद राजनीतिक, सामाजिक एवं वैचारिक चुनौतियों पर भी अपने विचार रखे।
प्रशिक्षण वर्ग में एकात्म मानववाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं पंच निष्ठा जैसे वैचारिक विषयों पर भी विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी अवदेश जैन ने कार्यकर्ताओं के गुण, आचरण एवं संगठन की अपेक्षाओं पर प्रकाश डाला।
सोशल मीडिया, नई तकनीक एवं एआई के प्रभावी उपयोग पर दीपक महस्के ने प्रशिक्षण देते हुए सकारात्मक सूचना तंत्र और डिजिटल संवाद की आवश्यकता बताई। विभिन्न सत्रों में व्यवहारिक प्रशिक्षण, सामूहिक बैठक, लाभार्थी संपर्क, मातृशक्ति समूह तथा संगठन विस्तार जैसे विषयों पर भी कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान भाजपा की विशिष्ट कार्यपद्धति एवं संगठन विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत एवं धरोहर विषय पर भी वक्ताओं ने अपने विचार रखे तथा कार्यकर्ताओं को ‘पंच निष्ठा’ और ‘एकात्म मानववाद’ के सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प दिलाया।
इस प्रशिक्षण वर्ग की विशेषता डिजिटल साक्षरता एवं मूल्यांकन प्रशिक्षण रहा, जिसमें कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यमों से प्रशिक्षित किया गया। सत्रों के समापन पर डिजिटल सर्टिफिकेट वितरण एवं जिला परीक्षा प्रमुखों द्वारा मूल्यांकन की प्रक्रिया भी अपनाई गई, ताकि कार्यकर्ताओं के सीखने के स्तर का आकलन किया जा सके।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान भाजपा के इतिहास एवं विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें चित्रों के माध्यम से पार्टी की वैचारिक एवं संगठनात्मक यात्रा को प्रदर्शित किया गया।
प्रशिक्षण वर्ग का संचालन जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर ध्वज अवतरण एवं राष्ट्रगान के पश्चात सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक जलपान किया तथा अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन के कार्य को नई ऊर्जा और उत्साह के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भाजपा के अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।बलौदाबाजार से बलदाऊ सिंह ठाकुर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.