पचपदरा में हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित, सड़क सुरक्षा का दिया गया संदेश

पचपदरा : सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज भंवरिया होटल के पास हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्रीमती मांगीदेवी पारसमल जी पारख चेरिटेबल ट्रस्ट एवं बीएमपी टेक्सटाइल मिल्स प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस एवं परिवहन विभाग के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान दुपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए और उन्हें हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हेलमेट का उपयोग अत्यंत आवश्यक है और यह हर चालक की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत एवं पचपदरा पुलिस थानाधिकारी अचलाराम ढाका मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और स्वयं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
कार्यक्रम में कंपनी प्रतिनिधि के रूप में भूपेंद्र पारख व अक्षय राठौड़, पचपदरा ग्राम पंचायत सरपंच पूजा राठौड़, मंडापुरा सरपंच डालाराम प्रजापत सहित अमित सिंह, कमलेश खारवाल अध्यक्ष खारवाल समाज, पारसल खारवाल, राकेश चोपड़ा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष, समाजसेवी पदम गौड़ समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों में हेलमेट पहनने की आदत विकसित करना और सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को कम करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर इसे सफल बनाया।

रिपोर्टर : अर्जुन राणा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.