मोर गांव मोर पानी महाअभियान के तहत चौपाल का आयोजन
बलरामपुर - कलेक्टर राजेंद्र कटारा एवं जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जिले के विकासखण्ड राजपुर अंतर्गत “मोर गांव मोर पानी महाअभियान” के तहत ग्राम पंचायत धंधापुर में जल संरक्षण, भूजल रिचार्ज एवं आजीविका संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मनरेगा एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के समन्वय से “नवा तरिया आय के जरिया” अभियान के अंतर्गत संपन्न हुआ। चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं को “नवा तरिया” के माध्यम से आय अर्जन के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। चौपाल में लोगो को बताया गया कि समूह आधारित गतिविधियों को अपनाकर ग्रामीण परिवार अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना सकते हैं। नवा तरिया के माध्यम से मछली पालन, बत्तख पालन, सिंघाड़ा की खेती, तरिया के मेड़ पर सब्जी उत्पादन तथा फलदार वृक्षारोपण कर अतिरिक्त आय अर्जित की जा सकती है। इससे जल संरक्षण के साथ ग्रामीणों को वर्षभर रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। साथ ही बताया गया कि खरीफ फसल के बाद रबी एवं जायद फसलों के लिए सिंचाई जल की उपलब्धता सुनिश्चित होने से किसानों की उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी और उनकी आय में निरंतर बढ़ोतरी संभव होगी।
इस दौरान जनपद सीईओ संजय कुमार दुबे, जिला एपीओ संजय यादव, कार्यक्रम अधिकारी मानसाय सिदार, तकनीकी सहायक आशुतोष सहित एनआरएलएम टीम एवं इंडियन ग्रामीण सर्विसेज की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। टीम द्वारा नवा तरिया निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान का चयन करते हुए आगामी मई माह तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
रिपोर्टर - मुकेश सिंह बलरामपुर


No Previous Comments found.