मुख्यमंत्री ने 200 नये जोड़ों को दिया आशीर्वाद

बलरामपुर : मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जिले के प्रसिद्ध तातापानी महोत्सव में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सहभागिता कर तपेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में प्राचीन शिव चबूतरे पर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही मुख्यमंत्री ने 60 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा के समीप पतंग उड़ाकर मकर संक्रांति पर्व हर्षाेल्लास के साथ मनाया।

इस तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव में मुख्यमंत्री श्री साय ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मकर संक्रांति सूर्य उपासना का पर्व है, जो भारतीय संस्कृति, एकजुटता और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने तातापानी को आस्था का केंद्र बताते हुए सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की और प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने लोहड़ी तथा पोंगल की भी शुभकामनाएं दी। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विवाह के बंधन में बंधे 200 जोड़ों को नव दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दी।
इस कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री साय ने 655 करोड़ की अधिक की राशि के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के दो वर्ष पूरे हो गए हैं। हमने छत्तीसगढ़ के निवासियों से जो वादा किया है उसे पूरा किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास के तहत हर पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। अब किसानों को उनकी मेहनत का पूरा दाम मिल रहा है। 70 लाख से अधिक महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर माह 01 हजार की राशि प्रदान की जा रही है। 05 लाख से अधिक भूमिहीन किसानों को 10 हजार रुपये की राशि प्रदान किया जा रहा है। रामलला दर्शन योजना योजना के तहत 40 हजार से अधिक हितग्राही लाभान्वित हुए हैं।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह बलरामपुर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.