बन रहे दारू भवन के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, “शराब नहीं रोजगार दो” के लगे नारे
शंकरगढ़ : ग्राम पंचायत शंकरगढ़ क्षेत्र में बन रहे दारू भवन (शराब दुकान) के खिलाफ विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। बचवार और दोहना गांव के ग्रामीणों ने एकजुट होकर निर्माण कार्य का विरोध किया। इस प्रदर्शन में स्थानीय महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने “शराब नहीं रोजगार दो” के नारे लगाकर अपनी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर दारू भवन का निर्माण किया जा रहा है, उसके आसपास एकलव्य विद्यालय, प्राथमिक, मिडिल स्कूल और आईटीआई स्थित हैं, जिससे बच्चों और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
विरोध में शामिल महिलाओं ने भी अपनी चिंता जताते हुए कहा कि शराब से परिवार और समाज पर बुरा असर पड़ता है, इसलिए गांव में दारू भवन नहीं बनाया जाना चाहिए।
ग्रामीणों ने सरकार से मांग की कि शराब दुकान/भवन के निर्माण के बजाय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे क्षेत्र का समुचित विकास हो सके।
इस दौरान लीलावती पैकरा, अनिता पैकरा, गुलपतिया पैकरा, जमन पैकरा, बुधमनिया पैकरा, बचवार उपसरपंच संजय बरगाह, चंद्रशेखर पैकरा, राम लखन पटेल, बीरबल राम, रामदास, जीतन पैकरा, बबन, जयप्रकाश, राजेश, शोभन, अजय पैकरा, अशोक, सूरज, महिपाल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह


No Previous Comments found.