शासकीय महाविद्यालय शंकरगढ़ की बेशकीमती 10 एकड़ भूमि पर भू-माफियाओं की टेढ़ी नजर - अरुण प्रताप सिंहदेव
बलरामपुर : शासकीय महाविद्यालय शंकरगढ़ जिला बलरामपुर की शैक्षणिक गतिविधियों और भविष्य के विस्तार के लिए आवंटित लगभग 10 एकड़ भूमि पर स्थानीय रसूखदारों और अतिक्रमणकारियों द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। हाल ही में राजस्व विभाग द्वारा इस भूमि का विधिवत सीमांकन कर चारों ओर शासकीय भूमि के बोर्ड भी लगा दिए गए हैं, इसके बावजूद असामाजिक तत्वों द्वारा रातों-रात नींव खोदकर निर्माण कार्य शुरू करने की कोशिश की जा रही है।
खेल मैदान का अभाव-: बच्चों का भविष्य दांव पर
महाविद्यालय के पास स्वयं की पर्याप्त भूमि (10 एकड़) होने के बावजूद, अतिक्रमण के कारण छात्रों को खेलकूद और अन्य महत्वपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियों के लिए दूर स्थित 'हाई स्कूल ग्राउंड मानपुर' का सहारा लेना पड़ता है। यदि इसी तरह अतिक्रमण की कोशिशें जारी रहीं, तो आने वाले समय में महाविद्यालय के पास केवल मुख्य भवन ही शेष रह जाएगा और छात्र खेल एवं विकास कार्यों से वंचित रह जाएंगे।
प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग:-
महाविद्यालय प्रशासन ने इस गंभीर विषय पर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि बाहरी व्यक्तियों द्वारा शासकीय संपत्ति पर किया जा रहा यह प्रयास न केवल अवैध है, बल्कि जनहित के भी विरुद्ध है।
महाविद्यालय प्रबंधन और छात्रों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो यह विवाद कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित कर सकता है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित राजस्व और पुलिस विभाग को निर्देशित कर उक्त स्थल का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाए।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह


No Previous Comments found.