शराब दुकान भवन को लेकर ग्रामीणों ने की विधायक से मुलाकात
बलरामपुर : शंकरगढ बचवार और दोहना गांव के ग्रामीणों ने एकजुट होकर निर्माण कार्य का विरोध किया। इस प्रदर्शन में स्थानीय महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने “शराब नहीं रोजगार दो” के नारे लगाकर अपनी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर दारू भवन का निर्माण किया जा रहा है, उसके आसपास एकलव्य विद्यालय, प्राथमिक, मिडिल स्कूल और आईटीआई स्थित हैं, जिससे बच्चों और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
विरोध में शामिल महिलाओं ने भी अपनी चिंता जताते हुए कहा कि शराब से परिवार और समाज पर बुरा असर पड़ता है, इसलिए गांव में दारू भवन नहीं बनाया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की कि शराब दुकान/भवन के निर्माण के बजाय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे क्षेत्र का समुचित विकास हो सके।
मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने तहसीलदार से चर्चा करते हुए कहा कि स्थल निरीक्षण दोबारा करें और उचित जगह पर दुकान खुले ताकि क्षेत्रवासियों को किसी तरह की समस्या ना हो । आपको बता दें शंकरगढ़ के अरकशिया जंगल के पास शराब दुकान खोलना सुनिश्चित किया गया है लेकिन ग्रामीणों के विरोध के बाद देखना होगा शासन प्रशासन इसके लिए क्या उचित कदम उठाती है
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.