अफीम खेती मामले में पुलिस की कार्रवाई
बलरामपुर - बलरामपुर पुलिस की टीम ने अफीम तस्करी मामले के चौथे आरोपी राजन यादव (38 वर्ष) को 9 अप्रैल 2026 को झारखंड के चतरा जिले से गिरफ्तार किया। राजन यादव, चतरा जिले के थाना कुन्दा अंतर्गत ग्राम चाया का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, सटीक मुखबिर तंत्र और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने उसे घेराबंदी कर धर दबोचा। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
2 करोड़ रुपये मूल्य की अफीम फसल का हुआ था खुलासा
इस पूरे सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश 12 मार्च 2026 को हुआ था। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (कुसमी) के नेतृत्व में पुलिस, एफएसएल और प्रशासनिक टीम ने ग्राम तुर्रीपानी खजूरी में छापा मारा था। वहां सहादुर नगेशिया और दुईला नगेशिया के खेतों में बड़े पैमाने पर अफीम की लहलहाती फसल मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1883.76 किलोग्राम अफीम की फसल (जड़, तना, फूल और फल सहित) जब्त की थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस भारी मात्रा में जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी गई है।
रिपोर्टर - मुकेश सिंह


No Previous Comments found.