कलेक्टर ने प्रशिक्षण का किया निरीक्षण
बलरामपुर : कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने स्वामी आत्मानंद विद्यालय बलरामपुर में आयोजित प्रगणक एवं पर्यवेक्षक के प्रथम चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उक्त प्रशिक्षण देश की 16वीं जनगणना और स्वतंत्र भारत की आगामी 8वीं जनगणना के सफल संचालन हेतु आयोजित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटारा ने मास्टर ट्रेनर द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा उपस्थित प्रगणकों से संवाद कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा सभी विषयों को गंभीरता एवं स्पष्टता के साथ समझने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके अंतर्गत सटीक एवं समयबद्ध जानकारी का संकलन आवश्यक है। उन्होंने मास्टर ट्रेनर एवं प्रगणकों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि जनगणना 2027 दो चरणों में संचालित की जाएगी, जिसके अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना तथा द्वितीय चरण जनसंख्या की गणना की जाएगी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री आर एन पांडेय, संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह


No Previous Comments found.