आज से होगा कृषि रथ का शुभारंभ

बलरामपुर - खरीफ सीजन को सुदृढ़ बनाने किसानों को आधुनिका खेती की दिशा में अग्रसर करने एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं तथा नितियों के बारे में जागरूकता हेतु 5 मई से 20 मई तक विकसित कृषि संकल्प अभियान का आयोजन किया जाएगा।

कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विकासखंडों में ब्लॉक स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), कृषि महाविद्यालय के वैज्ञानिक, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, मत्स्य विभाग एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से भागीदारी निभाएंगे। अभियान में विशेषज्ञों की टीम द्वारा किसानों से सीधे संवाद कर उनकी कृषि संबंधी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। साथ ही फसल उत्पादन बढ़ाने, उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक उपयोग, कीट एवं रोग प्रबंधन, पशुपालन, मत्स्य पालन तथा बागवानी संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 05 मई 2026 को विकासखण्ड बलरामपुर के ग्राम पंचायत महाराजगंज, 06 मई को कुसमी के चांदो, राजपुर के कोटडीह, 07 मई को रामचन्द्रपुर के ताम्बेश्वरनगर, वाड्रफनगर के गुडरू, 08 मई को बलरामपुर के सरनाडीह, शंकरगढ़ के दोहना, 11 मई को राजपुर के अलखडीहा, शंकरगढ़ के चिरई, 12 मई को कुसमी के सबाग, वाड्रफनगर के गैना, 13 मई को बलरामपुर के पाढ़ी, राजपुर के गोपालपुर, 14 मई को शंकरगढ़ के बेलकोना, रामचन्द्रपुर के डिण्डो, 15 मई को बलरामपुर के झलरिया, 18 मई को ऑडिटोरियम बलरामपुर, 19 मई को रामचन्द्रपुर के कामेश्वरनगर, कुसमी के सामरी तथा 20 मई को बलरामपुर के चितमा एवं वाड्रफनगर के लोधी में शिविर का आयोजन किया जाएगा।

रिपोर्टर - मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.