तेंदूपत्ता के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई
बलरामपुर - वन विभाग द्वारा तेंदूपत्ता के अवैध संग्रहण एवं परिवहन की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत वन परिक्षेत्र धमनी एवं वन परिक्षेत्र रघुनाथनगर में अस्थाई बैरियर की स्थापना की गई थी। गुप्त सूचना के आधार पर टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया जिसमें अस्थाई बैरियर से लगे क्षेत्रों में रात्रि गश्त के दौरान वन परिक्षेत्र धमनी में कुल 11 एवं वन परिक्षेत्र रघुनाथनगर में कुल 8 मोटरसाइकिल तेंदूपत्ता के अवैध परिवहन में संलिप्त पाए गए।
जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा तेंदूपत्ता को दूसरे राज्यों से अवैध तरीके से लाकर छत्तीसगढ़ में बेचने की योजना थी जो कि छत्तीसगढ़ तेंदूपत्ता (व्यापार विनियमन) अधिनियम 1964 का उल्लंघन है। जब्त किए गए तेंदूपत्ता एवं वाहनों को विधिवत जप्ती पंचनामा तैयार कर वन विभाग के अभिरक्षा में रखा गया है।
यह पूरी कार्यवाही वनमण्डलाधिकारी श्री आलोक कुमार बाजपेई के निर्देशन, उप वनमण्डलाधिकारी श्री प्रेमचंद मिश्रा के मार्गदर्शन एवं वन परिक्षेत्राधिकारी के कुशल नेतृत्व में संपन्न की गई। वन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि तेंदूपत्ता संग्रहण एवं परिवहन केवल निर्धारित नियमों के माध्यम से ही किया जा सकता है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वनमंडलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध वन उपज परिवहन की सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
रिपोर्टर : चन्द्रकांत साहू


No Previous Comments found.