क्रेशर प्लांट में हुई युवक की मौत

बलरामपुर - बलरामपुर जिले के बरियों चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भिलाईखुर्द स्थित एक स्टोन क्रेशर प्लांट में कार्य के दौरान हुए हादसे में 20 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है तथा संबंधित क्रेशर प्लांट को अगली कार्रवाई तक सील कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 17 मई को मजदूर अलमोन कन्वेयर बेल्ट के पास सफाई कार्य कर रहा था। इसी दौरान ऊपर लगी लोहे की भारी जाली अचानक टूटकर नीचे गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य मजदूरों ने गैस कटर और जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकाला तथा प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मिशन अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मजदूरों और स्थानीय लोगों ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि कई क्रेशर प्लांटों में बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के जोखिम भरे कार्य कराए जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।
मामले की जांच के लिए जिला प्रशासन ने संयुक्त टीम गठित की। जांच के दौरान खनिज विभाग, नायब तहसीलदार, श्रम विभाग एवं इंडस्ट्रीज एंड हेल्थ सेफ्टी विभाग की टीम ने संबंधित मशीन और प्लांट को सील कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्टर - मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.