मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे ग्रामीण

बलरामपुर - जिले के वाड्रफनगर अंतर्गत धनवार अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट में धरने पर बैठे ग्रामीणों ने आखिरकार अपना आंदोलन समाप्त कर दिया है। ग्रामीण जमीन अधिग्रहण के बदले मुआवजा नहीं मिलने से नाराज थे और प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे थे। धरना स्थल पर वाड्राफनगर एसडीएम पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त किया जानकारी के मुताबिक धनवार अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट निर्माण के लिए प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की करीब 20 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी आज तक उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। मुआवजा नहीं मिलने से प्रभावित परिवार लंबे समय से परेशान थे। इसी को लेकर ग्रामीणों ने चेकपोस्ट के पास धरना प्रदर्शन शुरू किया था और प्रशासन से जल्द भुगतान की मांग कर रहे थे।

ग्रामीणों में दिखी नाराजगी ….

धरने पर बैठे ग्रामीणों का कहना था कि उनकी जमीन तो ले ली गई, लेकिन बदले में मिलने वाली राशि अब तक नहीं दी गई। इससे प्रभावित परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया। धरना प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण लगातार मुआवजा भुगतान की मांग कर रहे थे और चेतावनी दी थी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

एसडीएम ने दिया आश्वासन …

मामले की जानकारी मिलने के बाद वाड्राफनगर एसडीएम मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी ली और जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों की समझाइश और आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और धरना समाप्त करने पर सहमत हो गए। प्रशासन का कहना है कि ग्रामीणों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।


रिपोर्टर - मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.