तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर पार्किंग ठेकेदार की मनमानी वसूली के विरोध में व्यापार मण्डल का प्रदर्शन

तुलसीपुर :  स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पार्किंग ठेकेदार द्वारा यात्रियों एवं उनके परिजनों से की जा रही कथित मनमानी वसूली तथा लगातार हो रहे विवादों को लेकर उ.प्र. उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के पदाधिकारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने मंडल रेल प्रबंधक को संबोधित पाँच सूत्रीय मांग पत्र स्टेशन अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार राव को सौंपते हुए अविलम्ब अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग की।

ज़िला महामन्त्री दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि अमृत भारत योजना के अंतर्गत तुलसीपुर रेलवे स्टेशन का विकास किया गया है, किन्तु स्टेशन परिसर स्थित पार्किंग स्थल पर यात्रियों एवं उन्हें छोड़ने-लेने आने वाले परिजनों से भी जबरन शुल्क वसूला जा रहा है। शुल्क को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न होती रहती है तथा कई मामलों में दुर्व्यवहार की शिकायतें भी सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण काउंटर पर बाइक से टिकट लेने आने वाले लोगों से भी जबरिया वसूली की जाती है, जिससे स्टेशन की गरिमा प्रभावित हो रही है।

उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर मंडल रेल प्रबंधक से दूरभाष पर वार्ता कर अवगत कराया गया, जिस पर शीघ्र जांच कर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है।

महामन्त्री रूप चन्द्र गुप्ता ने बताया कि मांग पत्र में पार्किंग स्थल की निष्पक्ष जांच कराए जाने, अधिकृत ठेकेदार एवं वैध पहचान पत्र के साथ नियमानुसार शुल्क वसूली सुनिश्चित किए जाने, पार्किंग क्षमता का समुचित प्रबंधन करने, दोषी व्यक्तियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने तथा यात्रियों के साथ हो रही बदसलूकी पर तत्काल रोक लगाए जाने की मांग की गई है।

संगठन के अध्यक्ष श्याम बिहारी अग्रहरि ने कहा कि इस संबंध में कई बार स्टेशन प्रशासन को अवगत कराया गया, किन्तु कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से ही पार्किंग व्यवस्था को लेकर विवाद लगातार बना हुआ है। बाद में जीआरपी द्वारा वाहनों का चालान शुरू किया गया तथा लगभग 900 वर्गमीटर भूमि पार्किंग हेतु स्वीकृत भी हुई, लेकिन इसके बावजूद समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष संतोष जायसवाल, जय सिंह, प्रदीप गुप्ता, ओम प्रकाश अग्रहरि एवं विक्की कसौधन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : अनुराग श्रीवास्तव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.