वर्ल्ड साइकिल डे पर जागरूकता रैली

बलरामपुर - विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर विकासखंड शंकरगढ़ में शिक्षा विभाग द्वारा "संडे ऑन साइकिल" अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य,पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के प्रति जागरूक करना था। रैली का शुभारंभ बचवर गणेश चौक से किया गया,जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं,खेल प्रेमियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर लेकर साइकिल चलाते हुए फिट इंडिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली में विकासखंड शिक्षा अधिकारी इस्माइल खान, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कंवर,राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी,जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने साइकिल चलाने के लाभों पर प्रकाश डालते हुए इसे स्वास्थ्य के लिए लाभकारी और प्रदूषण मुक्त परिवहन का बेहतर साधन बताया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर काला रंग साय स्टेडियम पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों की सहभागिता रही,जिससे विश्व साइकिल दिवस का संदेश जन-जन तक पहुंचा।

रिपोर्टर - मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.