ग्राम सभा में जमकर हंगामा, अधूरे कार्यों और लेखा-जोखा को लेकर ग्रामीणों का भारी विरोध
वाड्राफनगर : जनपद पंचायत वाड्राफनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत सरना में आयोजित ग्राम सभा उस समय हंगामे में बदल गई जब पंचायत के पूर्व में कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा का मुद्दा सामने आया। ग्राम सभा में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने अधूरे निर्माण कार्यों, खर्च की गई राशि और पंचायत के लेखा-जोखा को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों का आरोप था कि पंचायत में कई निर्माण कार्यों की राशि पूर्व में आहरित कर ली गई, लेकिन अनेक कार्य आज भी अधूरे पड़े हुए हैं। जब ग्राम सभा में इन कार्यों की समीक्षा की बात आई तो ग्रामीणों ने संबंधित दस्तावेज और विवरण प्रस्तुत करने की मांग की। आरोप है कि बैठक में पूर्व में हुए कार्यों का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया जा सका, जिससे ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। ग्राम सभा के दौरान कई बार तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों ने पूर्व सचिव के कार्यकाल में हुए कार्यों की जांच की मांग करते हुए कहा कि अब तक संबंधित अभिलेखों का पूरा हस्तांतरण नहीं हो पाया है। इस मामले में जनपद पंचायत प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए।
ग्रामीणों ने मांग की कि पंचायत में हुए सभी विकास कार्यों, निकाली गई राशि और अधूरे निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। ग्राम सभा में उठे इन सवालों के बाद पंचायत में हुए कार्यों की पारदर्शिता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पंचायत के सभी कार्यों का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक नहीं किया जाता, तब तक उनकी शंकाएं दूर नहीं होंगी।
रिपोर्टर : चन्द्रकांत साहू
No Previous Comments found.