आखिर बरन नदी पुल को किसकी नजर लगी? दो वर्षों से अधूरा पुल
बलरामपुर - रामानुजगंज जिले के जनपद पंचायत वाड्रफनगर अंतर्गत रघुनाथनगर तहसील में चर्चरी–बभनी (उत्तर प्रदेश) मार्ग पर स्थित बरन नदी पुल पिछले लगभग दो वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। भारी बारिश के दौरान पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद से आज तक इसका निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। परिणामस्वरूप इस मार्ग से आने-जाने वाले ग्रामीणों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को हर वर्ष बरसात में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरन नदी पुल का निर्माण कार्य ठप होने से क्षेत्र का संपर्क प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को हो रही है, जिन्हें बारिश के दिनों में जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुल का निर्माण पूरा नहीं हुआ, तो इस वर्ष भी बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्रीय विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते कई बार बरन नदी पुल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दे चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल या प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आई है। इससे लोगों में प्रशासन और संबंधित विभागों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन चाहें तो बरसात के दौरान अस्थायी वैकल्पिक व्यवस्था कर सकता है, लेकिन अब तक ऐसी कोई व्यवस्था भी नहीं की गई है। इससे आमजन और विद्यार्थियों को प्रतिदिन परेशानी उठानी पड़ रही है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर बरन नदी पुल का निर्माण कार्य कब पूरा होगा? क्या जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान निकाल पाएंगे, या फिर इस वर्ष भी ग्रामीणों और विद्यार्थियों को इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ेगा? क्षेत्र के लोग अब प्रशासन की ठोस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
रिपोर्टर – चंद्रकांत साहू
No Previous Comments found.