बलरामपुर डीएम ने दिया हर पात्र युवा का MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कराने के निर्देश

बलरामपुर : बलरामपुर में विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की भूमिका सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मंगलवार शाम 5 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) जिला सलाहकार एवं जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने और प्रत्येक पात्र युवा का MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कराने पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि ‘मेरा युवा भारत’ का उद्देश्य युवाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण का ‘एजेंट ऑफ चेंज’ बनाना है। उन्होंने सभी विभागों को 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चल रहे विशेष पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान को मिशन मोड में सफल बनाने के निर्देश दिए। इसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि जनपद का कोई भी पात्र युवा इस मंच से जुड़ने से वंचित न रहे।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके तहत ब्लॉक स्तर पर युवा मंडल विकास अभियान के माध्यम से यूथ क्लबों को सक्रिय और डिजिटल रूप से सशक्त बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ‘विकसित भारत पदयात्रा’, ‘नशा मुक्त भारत अभियान’, डॉ. अंबेडकर जयंती, स्वतंत्रता दिवस, गांधी जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस सहित 25 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के अवसरों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

युवाओं को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के लिए अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम (ELP) भी संचालित किए जाएंगे। इनमें वाइब्रेंट विलेज अभियान, जन औषधि केंद्रों का अध्ययन और 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर इसरो के सहयोग से विशेष गतिविधियां शामिल होंगी। इसके अलावा, तीन माह के व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम, ब्लॉक एवं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं तथा सक्रिय युवा क्लबों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने की भी योजना है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को नई गति और दिशा प्रदान करेगी।

रिपोर्टर : अमर त्रिपाठी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.