भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी राहत: 9 किलोमीटर तक भारतीय वाहनों पर नहीं लगेगा भंसार शुल्क

तुलसीपुर : भारत-नेपाल सीमा से आवागमन करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए नेपाल सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सीमा से 9 किलोमीटर तक जाने वाले भारतीय वाहनों को भंसार (कस्टम शुल्क) से छूट प्रदान की है। अब वाहन चालक केवल सुविधा पास (सुविधा भंसार) बनवाकर नेपाल सीमा के भीतर 9 किलोमीटर तक बिना किसी शुल्क के प्रवेश कर सकेंगे।

सनातन जागृति मंच के संयोजक एवं जिला महामंत्री दिलीप कुमार गुप्ता ने नेपाल सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों, व्यापारियों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि यदि कोई भारतीय वाहन सूर्योदय के बाद नेपाल में प्रवेश कर उसी दिन सूर्यास्त से पहले भारत लौट आता है, तो उसे किसी प्रकार का अतिरिक्त भंसार शुल्क नहीं देना होगा। हालांकि 9 किलोमीटर से आगे जाने वाले वाहनों पर निर्धारित भंसार शुल्क पूर्व की भांति लागू रहेगा।
नेपाल सरकार ने लंबे समय से बंद पड़े 18 छोटे भंसार कार्यालयों को पुनः संचालित कर उन्हें डिजिटल प्रणाली से भी जोड़ दिया है। इससे बढ़नी, खुनुवा सहित अन्य सीमावर्ती मार्गों से नेपाल आने-जाने वाले लोगों को अधिक पारदर्शी एवं सरल सुविधा उपलब्ध होगी।
कृष्णानगर भंसार कार्यालय के उप-प्रमुख मयंक कुमार कर्ण ने बताया कि सुविधा पास के आधार पर भारतीय वाहन चालक 9 किलोमीटर तक उसी दिन निशुल्क यात्रा कर वापस लौट सकते हैं, जिससे सीमा पार आवागमन और अधिक सुगम होगा।
इस निर्णय का नेपाल राष्ट्र के विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने भी स्वागत किया। नेपाल राष्ट्र के लमही व्यापार संघ के अध्यक्ष कमल जंग सिंह ठाकुरी, घोराही व्यापार संघ के उपाध्यक्ष नरेश श्रेष्ठ तथा भालुबांग व्यापार संघ के अध्यक्ष सूरज खड़का ने कहा कि इस व्यवस्था से भारत और नेपाल के बीच व्यापार, पर्यटन एवं धार्मिक आवागमन को नई गति मिलेगी और दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग एवं मैत्री संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
स्थानीय नागरिकों रूप चंद्र गुप्त, जय सिंह, श्याम बिहारी अग्रहरि, रामदयाल सोनी, बाबुल चक्रवर्ती, राधेश्याम चौरसिया, ओम प्रकाश अग्रहरि एवं प्रदीप कुमार गुप्ता ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे लुंबिनी सहित नेपाल के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी तथा भारत-नेपाल के वर्षों पुराने रोटी-बेटी के संबंध और अधिक सुदृढ़ होंगे।
रिपोर्टर : अनुराग श्रीवास्तव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.