राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में शंकरगढ़ के अभीरथ सिंहदेव ने जीता रजत पदक

बलरामपुर : बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ क्षेत्र के युवा निशानेबाज अभीरथ सिंहदेव ने राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में रायपुर में 11 जुलाई से 21 जुलाई तक राज्य स्तरीय निशानेबाजी (शूटिंग) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इस प्रतियोगिता में शंकरगढ़ के युवा निशानेबाज अभीरथ सिंहदेव ने .22 ओपन साइट 50 मीटर राइफल शूटिंग स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया और रजत पदक जीतकर जिले व क्षेत्र का नाम रोशन किया।
अभीरथ की इस सफलता पर उनके अभिभावकों, परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त किया है। क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खेल प्रेमियों का कहना है कि अभीरथ की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है और इससे निशानेबाजी सहित अन्य खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा।
अभीरथ सिंहदेव की इस उपलब्धि को शंकरगढ़ एवं बलरामपुर जिले के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने विश्वास जताया कि वे भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.