स्कूली बच्चों की जान जोखिम में, जर्जर सड़क पर फँसी स्कूल बस – ग्रामीणों में भारी आक्रोश

बलरामपुर : ग्राम सभा हरहटा की जर्जर एवं कीचड़युक्त सड़क एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। आज इसी मार्ग पर एक स्कूल बस कीचड़ में फँस गई। ग्रामीणों के अनुसार, बस को दो ट्रैक्टरों की मदद से बाहर निकाला गया। लोगों का कहना है कि यदि बस पलट जाती, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था और कई मासूम बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क की समस्या को लेकर कई बार सोशल मीडिया के माध्यम से आवाज उठाई गई। पंचायत सचिव, एडीओ पंचायत तथा बीडीओ को भी इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई।

ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि आखिर पाँच वर्षों में इस महत्वपूर्ण मार्ग के विकास के लिए क्या कार्य किए गए? उनका कहना है कि स्कूल के बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत कराई जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
रिपोर्टर - अनुराग श्रीवास्तव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.