तुलसीपुर में महिला चिकित्सालय की स्थापना की मांग को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा पत्र

बलरामपुर : तुलसीपुर नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जिला उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) के जिला महामंत्री दिलीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में जिलाधिकारी बलरामपुर को एक मांग-पत्र सौंपा गया।

पत्र में कहा गया कि तुलसीपुर नगर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की लाखों महिलाओं को प्रसूति, स्त्री रोग एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता है, जिससे समय, धन और जीवन—तीनों पर संकट उत्पन्न हो जाता है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, प्रसूताओं एवं नवजात शिशुओं के लिए स्थानीय स्तर पर महिला चिकित्सालय की अत्यंत आवश्यकता है।

व्यापार मंडल ने मांग की कि तुलसीपुर नगर में शीघ्र एक आधुनिक महिला चिकित्सालय का निर्माण कराया जाए, जिसमें स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, पर्याप्त चिकित्सक एवं स्टाफ, आधुनिक चिकित्सा उपकरण तथा आवश्यक दवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पुराने अस्पताल परिसर का उपयोग करते हुए इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ करने का भी सुझाव दिया गया।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि तुलसीपुर तहसील क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों से यहां तक सुगम आवागमन उपलब्ध होने के कारण यह चिकित्सालय केवल नगरवासियों ही नहीं, बल्कि आसपास के सैकड़ों गांवों की महिलाओं के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी तथा महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकेंगी।

जिला महामंत्री दिलीप कुमार गुप्ता ने कहा कि महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा किसी भी समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। तुलसीपुर जैसे बड़े क्षेत्र में महिला चिकित्सालय की स्थापना समय की मांग है और प्रशासन को इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। 
 रिपोर्टर : अनुराग श्रीवास्तव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.