बलरामपुर के 43 होनहारों को लक्ष्य शिक्षण संस्थान देगा निशुल्क फिजिकल ट्रेनिंग
बलरामपुर - भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देख रहे बलरामपुर जिले के युवाओं के लिए राहत और उत्साह भरी खबर है। सेना भर्ती की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके जिले के 43 अभ्यर्थियों को लक्ष्य शिक्षण संस्थान पूरी तरह निशुल्क फिजिकल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने जा रहा है। आगामी जनवरी 2027 में आयोजित होने वाले सेना भर्ती फिजिकल टेस्ट को ध्यान में रखते हुए शासकीय बालक हायर सेकेंडरी स्कूल, शंकरगढ़ के मैदान में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
युद्धस्तर पर तैयार हो रहा है रनिंग ट्रैक
मैदान को सेना भर्ती के मानकों के अनुरूप ढालने के लिए संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव और पूर्व सेना के जवान मंगलेश्वर यादव स्वयं ग्राउंड पर पसीना बहा रहे हैं। ट्रैक पर उगी बड़ी घास को साफ करने के लिए रासायनिक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि दौड़ते समय अभ्यर्थियों को समतल और सुरक्षित ट्रैक मिल सके। आगामी दो से तीन दिनों में ग्राउंड पूरी तरह तैयार हो जाएगा, जिसके बाद विधिवत प्रशिक्षण सत्र शुरू किया जाएगा।
संसाधनों के अभाव में नहीं टूटेगा सपना
संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव ने कहा कि लिखित परीक्षा पहला पड़ाव को युवाओं ने सफलता प्राप्त कर चुके हैं , असली चुनौती कड़े फिजिकल टेस्ट की होती है। ग्रामीण अंचल के कई प्रतिभावान युवा उचित मार्गदर्शन और संसाधनों की कमी के चलते फिजिकल राउंड में पिछड़ जाते हैं। इसी को देखते हुए संस्थान ने सभी 43 सफल अभ्यर्थियों को निशुल्क प्रशिक्षित करने का संकल्प लिया है। लक्ष्य यही है कि शत-प्रतिशत युवा अंतिम चयन सूची में जगह बनाकर वर्दी पहनें।
चार चरणों में होगा कड़ा अभ्यास, रात में भी दौड़ेगी युवा शक्ति
प्रशिक्षण की कमान संभाल रहे पूर्व फौजी मंगलेश्वर यादव एवं अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव ने अभ्यर्थियों को 1600 मीटर दौड़, बीम (पुल-अप्स), 9 फीट डिच (गड्ढा कूद) और जिग-जैग बैलेंसिंग जैसे सभी तकनीकी इवेंट्स की बारीकियां सिखाएंगे। इसके साथ ही खान-पान, फिटनेस और फौजी अनुशासन का कड़ा पाठ पढ़ाया जाएगा।
प्रशिक्षण की सबसे खास बात इसका शेड्यूल है। पिछले भर्ती नियमों को देखते हुए, जहां अभ्यर्थियों को मध्य रात्रि के बाद दौड़ के लिए बुलाया जाता है, संस्थान ने तैयारी को चार चरणों—सुबह, दोपहर, शाम और रात्रि—में बांटने का फैसला किया है। रात के समय अभ्यास के लिए मैदान में पर्याप्त फ्लड लाइट्स की व्यवस्था की जा रही है, ताकि अभ्यर्थी हर मौसम और विषम समय के अभ्यस्त हो सकें।
रिपोर्टर - मुकेश सिंह

No Previous Comments found.