वर्षों से बदहाल चैनपुर-बड़ेरिया मार्ग, गड्ढों में तब्दील हुई सड़क—ताल-तलैया बने रास्ते से ग्रामीण परेशान

बलरामपुर :  तुलसीपुर-बघेलखंड रोड स्थित माधवडीह से जुड़ा चैनपुर-बड़ेरिया संपर्क मार्ग वर्षों से बदहाली का दंश झेल रहा है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से मार्ग अब ताल-तलैया का रूप ले चुका है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से न तो मार्ग की मरम्मत कराई जा रही है और न ही इसके पुनर्निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल होती दिखाई दे रही है।
यह मार्ग आसपास के गांवों के हजारों लोगों के लिए तुलसीपुर आने-जाने का प्रमुख संपर्क मार्ग है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों और जलभराव के कारण आए दिन राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। कई लोग इस बदहाल सड़क पर चोटिल भी हो चुके हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब सड़क और गड्ढों के बीच अंतर करना तक मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, लेकिन इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। हजारों की आबादी को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों की तरफ से सड़क निर्माण और विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जाता। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क का स्थायी समाधान और गुणवत्तापूर्ण निर्माण चाहिए।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से चैनपुर-बड़ेरिया मार्ग की तत्काल मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराकर आवागमन सुगम कराने की मांग की है।

रिपोर्टर : योगेश पाण्डेय

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.