सब्जी बाड़ी के बीच उगा रखा था गांजे का पौधा, पुलिस ने 112 पौधे किए जब्त

बलरामपुर - जिले में नशीले पदार्थों की खेती, तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस, राजस्व एवं वन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत राजपुर थाना क्षेत्र के बरियों चौकी अंतर्गत ग्राम सुखरी के खेतपारा में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सब्जी बाड़ी के बीच लगाए गए गांजे के पौधों को जब्त किया है। जानकारी के अनुसार 3 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे खुंखरी के हल्का पटवारी द्वारा चौकी प्रभारी बरियों को सूचना दी गई कि ग्राम सुखरी खेतपारा निवासी कबीर साय टेकाम ने अपने कब्जे की भूमि में स्थित सब्जी बाड़ी के बीच मादक पदार्थ गांजा के पौधे लगाए हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी एवं रेड की कार्रवाई की। इस दौरान संदिग्ध कबीर साय टेकाम घर के बाहर मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम कबीर साय टेकाम, पिता जद्दू, उम्र 51 वर्ष, निवासी ग्राम सुखरी, खेतपारा,चौकी बरियों बताया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपने घर की बाड़ी में सब्जी की फसल के बीच गांजे के पौधे लगाकर खेती करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे वाली बाड़ी की विधिवत तलाशी लेकर पंचनामा तैयार किया। सब्जी की फसल के बीच लगाए गए गांजे के छोटे-बड़े पौधे, डंठल एवं हरे पत्तों सहित कुल 112 नग गांजे के पौधे बरामद किए गए। बरामद पौधों का वजन करीब 36 किलो 300 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। मामले में आरोपी कबीर साय टेकाम के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) (ii) (C), 8(बी) के तहत अपराध क्रमांक 248/2026 दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है 

रिपोर्टर - मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.