बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय मवेशी तस्करी नेटवर्क का खुलासा

बलरामपुर - छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। रघुनाथनगर पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित अपराध से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई से मवेशी तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बलरामपुर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर जिले में पशु तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 16 सितंबर 2026 को रघुनाथनगर पुलिस को सूचना मिली कि केशारी गांव के कुछ लोग मवेशियों को अवैध रूप से उत्तर प्रदेश के पेडल ले जा रहे हैं।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से एक आरोपी दीपक सोनवानी, उम्र 24 वर्ष, निवासी केशारी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 34 नग भैंस एवं भैंसा जब्त किए गए। हालांकि, अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच और पूछताछ तेज की। प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने पशु तस्करी नेटवर्क से जुड़े पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के दो आरोपी ईसराज अहमद और तस्लीम, जबकि सूरजपुर जिले के तीन आरोपी एजेंट एवं स्थानीय स्तर पर मवेशियों की खरीद-बिक्री और परिवहन से जुड़े बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आसपास के गांवों से कम कीमत पर मवेशियों को खरीदकर उन्हें उत्तर प्रदेश की सीमा पार ले जाने वाले नेटवर्क के लिए काम करते थे।
इस मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल, रघुनाथनगर पुलिस की इस कार्रवाई को पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब देखना होगा कि जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आते हैं या नहीं।

रिपोर्टर : चन्द्रकांत साहू 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.