शंकरगढ़ के तीन स्कूलों में 105 बच्चों को बांटे गए स्वेटर, ठंड से मिलेगी राहत

बलरामपुर - बढ़ती ठंड को देखते हुए स्कूली बच्चों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा सराहनीय पहल की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी बलरामपुर नरेंद्र कुमार नीमपुरे के मार्गदर्शन एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी मोहम्मद इस्माइल खान की पहल पर जनसहभागिता के माध्यम से विकासखंड शंकरगढ़ के तीन विद्यालयों में कुल 105 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए गए।

यह कार्यक्रम 2 नवंबर को आयोजित किया गया। इसके तहत प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला लोहराटांड़ के 52, प्राथमिक शाला दामोदरपुर के 23 तथा प्राथमिक शाला कोरवापारा के 30 विद्यार्थियों को स्वेटर प्रदान किए गए। स्वेटर पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। ठंड के मौसम में स्वेटर मिलने से बच्चों को काफी राहत मिलेगी।
विद्यालयों में स्वेटर वितरण का कार्य शिक्षकों, शाला प्रबंधन समिति एवं जनसहभागिता के सहयोग से संपन्न हुआ। इस पहल में शिक्षक भगवान दास, बुजराज मरावी, अभिमन्यु शर्मा, अंजली बाखला एवं बरती सिंह का सहयोग रहा। वहीं दामोदरपुर में प्रधान पाठक गंगा राम एवं शिक्षक कौशल साहू की सक्रिय भूमिका रही। कोरवापारा में शिक्षक नवासाय एवं शनीलाल खलखो के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी मोहम्मद इस्माइल खान, संकुल प्राचार्य सुरजमनी, संकुल समन्वयक बुजराज मरावी एवं उपसरपंच उपस्थित रहे।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि ठंड के मौसम में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उनकी उपस्थिति विद्यालयों में बनी रहे, इसके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। शिक्षकों एवं जनसमुदाय के सहयोग से बच्चों को ठंड से बचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
शिक्षा विभाग की इस संवेदनशील पहल से 105 विद्यार्थियों को ठंड से राहत मिलेगी। साथ ही समाज में जनसहभागिता और बच्चों के प्रति संवेदनशीलता का सकारात्मक संदेश दिया जा सके।

रिपोर्टर - मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.