बनारस की बेटी सान्वी श्रीवास्तव का डबल धमाका, मिस महाराष्ट्र के साथ बेस्ट वेस्ट इंडिया का भी ताज सजा सान्वी के सिर
बनारस : बनारस की बेटी सान्वी श्रीवास्तव ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एक साथ दो बड़े अवॉर्ड अपने नाम कर बनारस का नाम रोशन किया है। सान्वी ने Miss Maharashtra का प्रतिष्ठित अवॉर्ड जीतने के साथ-साथ Best West India का अवॉर्ड भी अपने नाम किया। इन दोनों उपलब्धियों के बाद सान्वी सबसे पहले अपने परिवार और अपनों का आशीर्वाद लेने बनारस पहुंचीं।
सान्वी का परिवार मूल रूप से बनारस से जुड़ा हुआ है। हालांकि वर्तमान में वह मुंबई में रहकर अपनी पढ़ाई और अपने करियर पर ध्यान दे रही हैं और समय-समय पर बनारस आती-जाती रहती हैं। सान्वी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और उन सभी लोगों को दिया जिन्होंने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया।
खास बात यह है कि सान्वी ग्लैमर और मॉडलिंग की दुनिया में आगे बढ़ने के साथ-साथ अपनी पढ़ाई को भी पूरी गंभीरता से जारी रखे हुए हैं। वह Mithibai College, Mumbai में पढ़ाई कर रही हैं और साथ ही JEE की तैयारी भी कर रही हैं। पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी और अपने करियर—तीनों को साथ लेकर चलना सान्वी की मेहनत और लगन को दर्शाता है।
सान्वी की इस दोहरी सफलता से उनके परिवार और बनारस के लोगों में खुशी का माहौल है। परिवार का कहना है कि सान्वी ने अपनी मेहनत से न सिर्फ अपने लिए बल्कि अपने शहर बनारस के लिए भी एक खास पहचान बनाई है।
रिपोर्टर : सुमित सिंह

No Previous Comments found.