तहसील नरैनी में सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग एवं स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण*

बाँदा - चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा श्री अजीत कुमार द्वारा उप महानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बाँदा श्री राजेश एस0 के साथ तहसील नरैनी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर आयुक्त महोदय द्वारा दूर-दराज से आये फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया। समाधान दिवस में लगभग 40 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से पेंशन स्वीकृति, विद्युत बिल संशोधन, परिवार रजिस्टर में नाम जोड़े जाने, नाली निर्माण तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित प्रकरण सम्मिलित थे। आयुक्त महोदय द्वारा उपजिलाधिकारी, नरैनी को निर्देशित किया गया कि प्राप्त समस्त प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करते हुए निस्तारण आख्या 03 दिवस के भीतर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध करायी जाये।

आयुक्त महोदय द्वारा उपस्थित समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण कर जनसमस्याओं का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करें तथा शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचाया जाये, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें एवं प्रशासन के प्रति जनविश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत आयुक्त महोदय द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, नरैनी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में शौचालय अस्वच्छ पाया गया तथा ड्यूटी रोस्टर सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शित नहीं पाया गया। साथ ही पोर्च क्षेत्र में लगी टाइल्स उखड़ी हुई पायी गयीं, जिससे अव्यवस्था परिलक्षित हुई। इस पर आयुक्त महोदय द्वारा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य केन्द्र की स्वच्छता व्यवस्था तत्काल सुदृढ़ करायी जाये, ड्यूटी रोस्टर को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाये तथा भवन की क्षतिग्रस्त संरचनाओं का शीघ्र मरम्मत कार्य सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी तथा पुनरावृत्ति की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी।

इसके पश्चात आयुक्त महोदय द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर, देवरार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान समस्त चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए तथा स्वास्थ्य सेवाएं व्यवस्थित रूप से संचालित होती पायी गयीं। उपस्थित चिकित्सक द्वारा अवगत कराया गया कि आज कुल 14 मरीजों की ओपीडी की गयी तथा सभी मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क दवाएं उपलब्ध करायी गयीं। आयुक्त महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ आमजन को प्रदान किया जाये तथा नियमित रूप से मरीजों का गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाये। साथ ही स्वास्थ्य केन्द्र में स्वच्छता, औषधियों की उपलब्धता एवं मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गये।

आयुक्त महोदय द्वारा स्पष्ट किया गया कि शासन की मंशानुरूप जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस हेतु सभी संबंधित अधिकारियों को पूर्ण उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गये हैं।

रिपोर्टर - क़ासिद अली सिद्दीकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.