राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत मिला, पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग ने पूरे विधि-विधान से किया अंतिम संस्कार
बाँदा : तिंदवारी क्षेत्र के मुंगुस गांव के पास सिंहवाहिनी धर्मकांटा के नजदीक सोमवार को भारत का राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत अवस्था में मिला। धर्मकांटा में काम कर रहे मजदूरों ने बताया कि दो युवक मोर को घसीटते हुए तिंदवारी की ओर ले जा रहे थे। जब उनसे पूछा गया कि मोर कहां से लाए हैं तो वे मोर को वहीं छोड़कर मौके से चले गए। मामले की सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर वन दरोगा राजेंद्र प्रसाद यादव मौके पर पहुंचे और मोर को अपने कब्जे में लेकर पशु चिकित्सालय तिंदवारी लाए, जहां उसका पोस्टमार्टम कराया गया।वन दरोगा राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि संभावना है कि मोर हाईवे के किनारे खेतों में दाना चुग रहा होगा। इसी दौरान पीछे से कुत्तों ने उसे दौड़ा लिया, जिससे वह उड़कर सड़क की ओर आ गया और किसी तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया होगा। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग की टीम ने मोर को पूरे विधि-विधान और सलामी के साथ मुंगुस स्थित वन विभाग की नर्सरी में दफना दिया।
रिपोर्टर : क़ासिद अली सिद्दीकी

No Previous Comments found.