आयुक्त ने पैलानी तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनी जनसमस्याएँ

बाँदा : आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा अजीत कुमार ने तहसील पैलानी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप महानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बाँदा श्री राजेश एस. के साथ प्रतिभाग कर जनसुनवाई की। इस दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया। समाधान दिवस में लगभग 25 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आयुक्त ने उपजिलाधिकारी पैलानी को निर्देशित किया कि सभी प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करते हुए तीन दिवस के भीतर आख्या आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।

आयुक्त ने उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर जनसमस्याओं का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुँचाया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रशासन के प्रति जनविश्वास सुदृढ़ हो।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत आयुक्त द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, पैलानी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सकों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता एवं भवन की स्थिति संतोषजनक पाई गई। आयुक्त ने निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए मरीजों हेतु शीतल पेयजल, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, दवाओं की सतत उपलब्धता तथा हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की जाएँ। साथ ही मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

इसके पश्चात उच्च प्राथमिक विद्यालय, पैलानी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान समस्त शिक्षक शिक्षण कार्य करते हुए उपस्थित पाए गए, जिससे आयुक्त ने संतोष व्यक्त किया। हालांकि विद्यालय परिसर के बाहर कूड़े का ढेर पाया गया, जिस पर तत्काल सफाई कराने हेतु उपजिलाधिकारी पैलानी को निर्देशित किया गया। आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी शिक्षक समय से विद्यालय आएं, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें, छात्र-छात्राएं नियमित रूप से विद्यालय व निर्धारित ड्रेस में उपस्थित हों तथा मिड-डे-मील योजना के अंतर्गत रोस्टर के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तायुक्त भोजन वितरित किया जाए। साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

इसके उपरांत आयुक्त ने मण्डी समिति पलरा स्थित गेहूँ क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गेहूँ खुले में रखा पाया गया तथा मौके पर उपस्थित कृषकों ने अवगत कराया कि अभी तक उनकी उपज की खरीद नहीं की गई है। केंद्र प्रभारी द्वारा आवश्यक संसाधनों—मार्का, बोरा, कांटा, बैनर एवं स्टेशनरी आदि—की उपलब्धता न होने तथा उच्च स्तर से निर्देश प्राप्त न होने की जानकारी दी गई। इस पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्भागीय खाद्य नियंत्रक, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए तथा तत्काल प्रभाव से क्रय कार्य प्रारंभ कराने, किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने एवं गेहूँ के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि जनपद में संचालित सभी गेहूँ क्रय केन्द्रों पर पर्याप्त संसाधन, पारदर्शी खरीद व्यवस्था एवं समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े, इसके लिए समुचित प्रबंधन एवं निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ की जाए।

गर्मी के दृष्टिगत आयुक्त ने सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। सार्वजनिक स्थलों, स्वास्थ्य केन्द्रों एवं विद्यालयों में पेयजल, छाया एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने, हीट वेव से बचाव हेतु जन-जागरूकता अभियान चलाने तथा आवश्यकतानुसार राहत उपाय तत्काल लागू करने को कहा गया।

आयुक्त ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण तथा शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी पूर्ण उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे आमजन को बेहतर एवं भरोसेमंद सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

रिपोर्टर : कासिद अली सिद्दकी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.