ड्यूटीरत यातायात पुलिस कर्मियों को धूप से बचने के लिए वितरित की गई छतरी एवं साफी
बाँदा : बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा पुलिस विभाग का न सिर्फ सैलरी प्रबंधन किया जा रहा है, बल्कि समाज और सुरक्षा व्यवस्था के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिस कर्मियों के सम्मान एवं सहयोग के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं । इसी क्रम में आज दिनांक 09.05.2026 को भीषण गर्मी और तेज धूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे यातायात पुलिस कर्मियों के प्रति संवेदनशीलता एवं सम्मान प्रकट करते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा के कालूकुआं शाखा प्रबंधक श्री सौरभ चन्द्रा, श्री कुलदीप यादव व आशीष सोनकर आदि बैंक अधि0/कर्मचारियों द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक बांदा श्री शिवराज व क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात श्री सौरभ सिंह की उपस्थिति में यातायात पुलिस कर्मियों को गर्मी से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से छतरियां एवं साफी (गमछे) वितरित किए । इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने कहा कि प्रचंड गर्मी में घंटों तक सड़क पर खड़े रहकर यातायात व्यवस्था संभालना अत्यंत कठिन कार्य है, लेकिन यातायात पुलिस कर्मी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं । ऐसे कर्मठ एवं कर्तव्यनिष्ठ पुलिस जवानों उत्साहवर्धन व सम्मान प्रकट करना समाज का दायित्व है । यातायात पुलिस कर्मियों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के इस मानवीय एवं सहयोगात्मक प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया । बता दें कि बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा पूर्व से ही पुलिस सैलरी पैकेज के तहत पुलिस विभाग के अधि0/कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए विशेष बैंकिंग सुविधाएं प्रदान कर रहा है, जिनमें उच्च दुर्घटना बीमा कवर, डेबिट कार्ड, रियायती ब्याज दरों पर ऋण, आदि के साथ-साथ निःशुल्क डिजिटल बैंकिंग सेवाएं दे रहा हैं ।
रिपोर्टर : क़ासिद अली सिद्दीकी


No Previous Comments found.