बेडरूम में युवक ने फंदा लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

बाँदा- थाना क्षेत्र के मजरा चारकूरा जौहरपुर स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र परिसर में रहने वाले युवक ने कमरे के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार गौरव सिंह राघव (36) पुत्र श्रीशपाल सिंह राघव निवासी जहांगीराबाद जिला बुलंदशहर अपनी पत्नी रीता राघव के साथ उप स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बने आवास में रहते थे। पत्नी रीता राघव की तैनाती 23 जून 2023 को उप स्वास्थ्य केंद्र में हुई थी। बताया गया कि सोमवार सुबह रीता राघव महजतिया डेरा में टीकाकरण के लिए गई थीं, जहां गौरव स्वयं उन्हें छोड़कर आया था।

टीकाकरण स्थल से लौटने के बाद गौरव ने करीब 11:30 बजे अपनी मां निर्मला सिंह राघव को फोन किया और बातचीत के दौरान रोने लगा। इसके बाद मां ने रीता को फोन कर गौरव के बारे में पूछा। रीता ने बताया कि वह उन्हें छोड़कर कमरे पर चले गए हैं। इसके बाद रीता ने पड़ोसियों से फोन कर कमरे पर जाकर देखने को कहा।

पड़ोसी जब वहां पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की खोलकर अंदर देखा तो गौरव बेडरूम में बेड के ऊपर लगे पंखे से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटके मिले। घटना की सूचना तुरंत रीता को दी गई, जिसके बाद प्रधान धर्मेंद्र सिंह परमार को जानकारी दी गई। प्रधान ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके की जांच की। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतक की शादी करीब आठ से नौ वर्ष पहले हुई थी और दंपति की कोई संतान नहीं थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्टर क़ासिद अली सिद्दीकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.