15 दिनों से फुंका ट्रांसफार्मर, आक्रोशित ग्रामीणों ने तिंदवारी पावर हाउस का किया घेराव

बांदा - तिंदवारी थाना क्षेत्र के ग्राम सैमरी और वासिलपुर के दर्जनों ग्रामीणों ने शुक्रवार को दोपहर 2 बजे  तिंदवारी पावर हाउस पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और एसडीओ महेंद्र प्रसाद को शिकायती पत्र सौंपा।ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 15 दिनों से दोनों गांवों का ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। इसके चलते दोनों गांवों के लोग भीषण गर्मी और उमस के बीच भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है और ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भी भटकना पड़ रहा है। ग्रामीण सत्यवीर सिंह ने बताया कि कई बार विभागीय कर्मचारियों को फोन कर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन न तो कोई कर्मचारी फोन उठाता है और न ही समस्या के समाधान के लिए मौके पर पहुंचता है। इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।इस संबंध में एसडीओ महेंद्र प्रसाद ने बताया कि ट्रांसफार्मर की मरम्मत के लिए कर्मचारियों को भेज दिया गया है। यदि मरम्मत के बाद भी ट्रांसफार्मर चालू नहीं होता है तो उसे तत्काल बदल दिया जाएगा।इस दौरान नीलू सिंह, सत्यवीर सिंह, राजा सिंह, विक्रम सिंह, मंगल सिंह, रवींद्र कुमार, ब्रजेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, शिवबरन, कौशल सहित दोनों गांवों के दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्टर - क़ासिद अली सिद्दीकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.