बारिश ने बढ़ाई मुसीबत: सिमौनी पुल पर पानी आने से आवागमन बंद, बेंदा क्षेत्र के दर्जनों मजरे भी प्रभावित

तिंदवारी (बांदा) : लगातार हो रही बारिश के चलते क्षेत्र में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। तिंदवारी-बबेरू संपर्क मार्ग पर सिमौनी गांव के पहले स्थित पुल के ऊपर पानी आने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से आवागमन बंद करा दिया है। मार्ग बंद होने से बबेरू जाने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को अब करीब 60 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर बांदा होते हुए बबेरू पहुंचना पड़ रहा है।पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण प्रशासन ने लोगों को पुल पार करने से रोक दिया है। लगातार बारिश के बीच पानी का बहाव तेज होने से हादसे की आशंका बनी हुई है। आवागमन बंद होने से रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले ग्रामीण, किसान, व्यापारी और अन्य राहगीर प्रभावित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि संपर्क मार्ग बंद होने से जरूरी कामों के लिए भी लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।वहीं बेंदा ग्राम पंचायत के अंतर्गत ऊसरा नाला में भी पानी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। मुड़िया देव मजरे के पास बने रपटे के ऊपर करीब दो मीटर पानी बह रहा है। पानी का बहाव अधिक होने के कारण आसपास के दर्जनों मजरों का मुख्य मार्ग से संपर्क टूट गया है। रपटा पार नहीं कर पाने के कारण ग्रामीणों को आवागमन के लिए करीब 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में ऊसरा नाला उफान पर आने से हर साल आवागमन प्रभावित होता है। पानी कम होने तक ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाकर आने-जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
लगातार बारिश के कारण दोनों मार्गों पर आवागमन प्रभावित होने से ग्रामीणों में चिंता है।

रिपोर्टर : क़ासिद अली सिद्दीकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.