आर्थिक तंगी ने रोका झुलसी महिला का इलाज,गरीबी के आगे बेबस पति ने लगाई मदद की गुहार

कमासिन(बांदा) :  गरीबी और आर्थिक तंगी ने एक महिला को इलाज के अभाव में बिस्तर पर रहने को मजबूर कर दिया है। ग्राम पंचायत बीरा निवासी देवा देवी (34) पिछले नौ माह से आग से झुलसने के बाद चारपाई पर पड़ी हैं। परिवार के पास इलाज कराने के लिए पैसे नहीं हैं। दर्द से कराह रही महिला और छोटे बच्चों को देखकर परिजनों की आंखें नम हो जाती हैं।

जानकारी के अनुसार, बीरा गांव निवासी इंद्र प्रसाद वर्मा की पत्नी देवा देवी गत दिसंबर माह में प्रसव के बाद ठंड से बचने के लिए आग ताप रही थीं। इसी दौरान उनके कपड़ों में आग लग गई और वह गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे में उनके शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए। परिजनों ने तत्काल अपनी सामर्थ्य के अनुसार उनका उपचार कराया, लेकिन आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण आगे का इलाज नहीं करा सके।
परिजनों के मुताबिक, इलाज रुकने के बाद से देवा देवी की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। वह पिछले कई महीनों से चारपाई पर पड़ी हैं और लगातार दर्द झेल रही हैं। दैनिक कार्यों के लिए भी उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता है। बीमारी के कारण परिवार की सामान्य दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

मजदूरी ही थी परिवार का सहारा


देवा देवी के पति इंद्र प्रसाद वर्मा ने बताया कि वह पहले परदेश में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पास न तो रहने के लिए अपना पक्का घर है और न ही खेती योग्य जमीन। मजदूरी के अलावा परिवार की आय का कोई अन्य साधन नहीं है।
उन्होंने बताया कि पत्नी की गंभीर हालत और छोटे बच्चों की देखभाल के कारण वह बाहर जाकर मजदूरी करने में भी असमर्थ हैं। घर में कमाने वाला कोई दूसरा सदस्य नहीं है। ऐसे में परिवार के सामने इलाज के साथ-साथ भोजन और बच्चों की परवरिश का संकट भी खड़ा हो गया है।

इलाज के लिए मदद की अपील

इंद्र प्रसाद ने शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता के बिना पत्नी का समुचित इलाज संभव नहीं है। यदि समय रहते मदद मिल जाए तो देवा देवी का उपचार दोबारा शुरू कराया जा सकता है और उनके परिवार को भी राहत मिल सकती है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सरकारी योजनाओं के तहत चिकित्सा सहायता दिलाने, सरकारी अस्पताल में उपचार कराने और आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की मांग की है। परिवार को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और सक्षम लोग आगे आकर उसकी मदद करेंगे।

रिपोर्टर  :  रामकृपाल यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.