रामलीला के दूसरे दिन सजी भक्ति और मर्यादा की अनुपम छटा
तिन्दवारी/बांदा : धर्म,आस्था और भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा श्रीरामलीला महोत्सव के द्वितीय दिवस पर तिन्दवारी का रामलीला मैदान प्रभु श्रीराम की लीलाओं से भक्तिमय हो उठा। मंच पर रामायण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया, जिसे देखकर उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालु भक्तजन एवं माताएं-बहनें भक्ति और श्रद्धा से अभिभूत हो उठीं।
लीला का शुभारंभ महर्षि विश्वामित्र द्वारा महाराज दशरथ से यज्ञ की रक्षा के लिए प्रभु श्रीराम एवं लक्ष्मण को मांगने के प्रसंग से हुआ। इसके पश्चात प्रभु श्रीराम ने ताड़का सहित दुष्ट राक्षसों का संहार कर ऋषि-मुनियों को भय एवं संकट से मुक्ति दिलाई। यह प्रसंग अधर्म पर धर्म की विजय और सज्जनों की रक्षा के श्रीराम-संकल्प का सजीव संदेश देता दिखाई दिया।
इसके उपरांत अहिल्या उद्धार की करुणामयी लीला ने श्रद्धालुओं के हृदय को भावविभोर कर दिया। प्रभु श्रीराम के चरण-स्पर्श से अहिल्या के उद्धार का प्रसंग करुणा, कृपा और मानवीय गरिमा की महत्ता को अभिव्यक्त करता रहा। वहीं जनकपुरी प्रवेश और मनोहारी फुलवारी लीला ने वातावरण में प्रेम, सौंदर्य और माधुर्य के अद्भुत रंग भर दिए। प्रभु श्रीराम एवं माता सीता के प्रथम मिलन से जुड़े इन दृश्यों ने दर्शकों को भावलोक की एक अनुपम यात्रा कराई।
सम्पूर्ण रामलीला परिसर जय श्रीराम के उद्घोष और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से गुंजायमान रहा। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो तिन्दवारी की धरती पर त्रेतायुग की दिव्य स्मृतियां पुनः साकार हो उठी हों। रामलीला का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज को सत्य, मर्यादा, कर्तव्य, करुणा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी प्रदान कर रहा है। इस पावन अवसर पर श्रीरामलीला कमेटी के प्रबंधक हरवंश श्रीवास्तव, अध्यक्ष अनिल लखेरा, महामंत्री अरविंद गुप्त, धीरज गुप्ता, सुशील गुप्त ‘राजन’, कोषाध्यक्ष नमन गुप्त, राहुल गुप्ता, रितेश गुप्ता, अभिलाष गुप्ता, शोभित द्विवेदी, चंद्रशेखर गुप्त ‘किशुन दा’, अकिंचन, निखिल, आशीष, अखिलेश, देवीदीन, धर्मेंद्र शंकर, ओंकार यादव, बल्लू, बालकिशन गुप्ता सहित कमेटी के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं रामभक्त उपस्थित रहे।
श्रीरामलीला कमेटी तिन्दवारी ने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नगरवासियों से आगामी लीलाओं में भी अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस गौरवशाली धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का सहभागी बनने का आह्वान किया।
रिपोर्टर : क़ासिद अली सिद्दीकी

No Previous Comments found.