तिन्दवारी में धूमधाम से निकली प्रभु श्रीराम की भव्य बारात,राममय हुआ नगर

तिन्दवारी,बांदा : आस्था के उल्लास में डूबा नगर, सजे-संवरे मार्ग, द्वार-द्वार पर आरती के थाल लिए खड़े श्रद्धालु और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच थिरकते युवा । कुछ ऐसा ही अलौकिक दृश्य गुरुवार को तिन्दवारी में देखने को मिला, जब श्रीरामलीला कमेटी तिन्दवारी के तत्वावधान में प्रभु श्रीराम की भव्य बारात नगर के प्रमुख मार्गों से धूमधाम के साथ निकाली गई। प्रभु श्रीराम की बारात जैसे-जैसे नगर के विभिन्न मार्गों से आगे बढ़ी, वैसे-वैसे श्रद्धा और उल्लास का कारवां भी बढ़ता गया। बारात में शामिल श्रीरामकार्यसेवक एवं नगरवासी ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर थिरके। युवाओं के उत्साह, श्रद्धालुओं की भक्ति और जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष ने पूरे वातावरण को राममय कर दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो सम्पूर्ण तिन्दवारी जनकपुरी बन गया हो और नगरवासी अपने आराध्य प्रभु श्रीराम के विवाहोत्सव के साक्षी बन रहे हों।

बारात के स्वागत में नगरवासियों का उत्साह देखते ही बनता था। घरों के दरवाजों पर आरती की सजी हुई थालियाँ लेकर खड़ी माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं ने बारात का आत्मीय अभिनंदन किया। जगह-जगह स्वागत और सत्कार ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए। कमेटी के सदस्य मनीष बजाज, संजय दीना, गोपाल गुप्ता एवं आशीष सोनी ने अपने-अपने दरवाजों पर स्वल्पाहार की व्यवस्था कर बारात का स्वागत किया। उनके इस आत्मीय सहयोग ने आयोजन में सहभागिता, सेवा और सामाजिक समरसता के भाव को और मजबूत किया। नगर के हर गली-मोहल्ले में उत्सव जैसा वातावरण रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के लोगों में प्रभु श्रीराम की बारात को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धा, परंपरा और सामूहिक सहभागिता का यह संगम तिन्दवारी की सांस्कृतिक एकता का अनुपम उदाहरण बन गया।
नगर भ्रमण के उपरांत रामलीला मंच पर रामकलेवा का सुंदर एवं भावपूर्ण अभिनय प्रस्तुत किया गया। विवाहोत्सव से जुड़े इस पारंपरिक प्रसंग ने दर्शकों को आनंदित किया। कलाकारों की प्रस्तुति ने रामायण की सांस्कृतिक परंपराओं और लोकाचार की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
प्रभु श्रीराम की बारात में श्रीरामलीला कमेटी के प्रबंधक हरवंश श्रीवास्तव, अध्यक्ष अनिल लखेरा, महामंत्री अरविंद गुप्त, धीरज गुप्ता, सुशील गुप्त ‘राजन’, कोषाध्यक्ष नमन गुप्त, धर्मेंद्र गुप्ता श्याम जी, राहुल गुप्त, रितेश गुप्त,विनोद गुप्ता,संतोष, अभिलाष गुप्त, शोभित द्विवेदी, चंद्रशेखर गुप्त ‘किशुन दा’, अकिंचन, निखिल, आशीष, सुरेश प्रजापति, अखिलेश,विनोद नामदेव, देवीदीन, धर्मेंद्र शंकर, ओंकार यादव, बल्लू एवं बालकिशन गुप्ता सहित कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं श्रीरामकार्यसेवक उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त गौरी शंकर गुप्त, मनोज गुप्ता, अभय प्रताप सिंह, राज गुप्ता, रामबाबू सोनी, दीपू सोनी, प्रभासकर त्रिपाठी, गोविंद तिवारी, कृष्ण ‘किस्सू’, गोलू कुशवाहा, अथर्व, शिवा, मनीष बाबा सहित अनेक रामभक्तों ने बारात में सहभागिता कर आयोजन को उल्लासपूर्ण बनाया।
श्रीरामलीला कमेटी के प्रबंधक हरवंश श्रीवास्तव ने रामबारात के भव्य स्वागत एवं सफल आयोजन में सहयोग देने वाले समस्त नगरवासियों, माताओं-बहनों, व्यापारी बंधुओं, श्रीरामकार्यसेवकों और श्रद्धालुओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगरवासियों का स्नेह, सहयोग और प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा ही इस आयोजन की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कहा कि श्रीरामलीला केवल मंच पर होने वाला अभिनय नहीं, बल्कि समाज को प्रेम, मर्यादा, समर्पण, सद्भाव और पारस्परिक सहयोग के सूत्र में पिरोने वाला सांस्कृतिक महोत्सव है। तिन्दवारी की जनता ने जिस आत्मीयता से प्रभु श्रीराम की बारात का स्वागत किया, वह नगर की धार्मिक आस्था और गौरवशाली परंपरा का परिचायक है।रामबारात के साथ तिन्दवारी की गलियों में केवल एक शोभायात्रा नहीं निकली, बल्कि जन-जन के हृदय में बसी श्रीरामभक्ति सड़कों पर उतर आई। हर द्वार पर सम्मान, हर चेहरे पर मुस्कान और हर ओर गूंजते जय श्रीराम के उद्घोष ने इस आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।

रिपोर्टर : क़ासिद अली सिद्दीकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.