तिंदवारी में ट्रैक्टर को साइड देने को लेकर विवाद, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का लगाया आरोप

बांदा/तिंदवारी : थाना तिंदवारी क्षेत्र में ट्रैक्टर को साइड देने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि ग्राम अमरइया, ग्राम पंचायत परसौडा निवासी माया देवी ने 18 तारीख को दी तहरीर में बताया कि सुबह करीब 9 बजे वह अपने बेटे दिलीप के साथ ट्रैक्टर से बेंदाघाट स्थित काली देवी मंदिर में चढ़ावा चढ़ाने जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान ग्राम गजनी निवासी भूरा सिंह उर्फ रवि सिंह मोटरसाइकिल से आया और ट्रैक्टर के आगे बाइक खड़ी कर गाली-गलौज करने लगा। माया देवी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने और मारपीट करने का आरोप भी लगाया। तहरीर के अनुसार, विवाद के दौरान उनकी सोने की नथनी और मंगलसूत्र कहीं गिर गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि भूरा सिंह धमकी देकर चला गया और कुछ देर बाद अपने पिता राजेश सिंह, चाचा परीक्षित सिंह तथा भाई बउवा के साथ असलहा लेकर वापस आया। इस मामले में पुलिस ने FIR No. 0224/2026 के तहत BNS और SC/ST Act की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

वहीं दूसरे पक्ष ग्राम गजनी निवासी भूरा सिंह उर्फ रवि सिंह ने अपनी तहरीर में बताया कि वह सुबह करीब 9 बजे गांव से तिंदवारी जा रहा था। अमरइया पुलिया के पास ट्रैक्टर में 20 से 30 लोग सवार होकर आगे चल रहे थे। कई बार हॉर्न बजाने के बावजूद साइड नहीं मिलने पर वह किनारे से आगे निकला और साइड न देने का कारण पूछा। आरोप है कि इस पर ट्रैक्टर चला रहे दिलीप वर्मा, उसकी मां और दो अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

रिपोर्टर : क़ासिद अली सिद्दीकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.