प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ श्रीरामलीला महोत्सव का भावपूर्ण समापन
तिन्दवारी,बांदा : “रामकाज कीन्हें बिनु मोहि कहाँ विश्राम” के पावन संकल्प और प्रभु श्रीराम की असीम कृपा के साथ श्रीरामलीला कमेटी तिन्दवारी द्वारा आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव का विश्राम दिवस प्रभु श्रीराम के भव्य राज्याभिषेक, श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता के अविस्मरणीय समारोह के रूप में संपन्न हुआ।
मंच पर प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक का दिव्य प्रसंग साकार होते ही पूरा रामलीला परिसर भक्तिभाव से सराबोर हो उठा। सर्वप्रथम गुरु वशिष्ठ द्वारा प्रभु श्रीराम का तिलक किया गया। तत्पश्चात कमेटी के प्रबंधक हरवंश श्रीवास्तव, अध्यक्ष अनिल लखेरा तथा उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति राज्य मंत्री एवं तिन्दवारी विधायक श्री रामकेश निषाद के निजी सलाहकार संजय निषाद ने प्रभु की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत कमेटी के समस्त सदस्यों एवं नगरवासियों ने प्रभु श्रीराम का तिलक एवं आरती कर अपनी श्रद्धा निवेदित की। जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण राममय हो उठा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जलशक्ति राज्य मंत्री श्री रामकेश निषाद के पीआरओ संजय निषाद उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त सत्य नारायण इंटर कॉलेज के प्रबंधक श्री मनोज गुप्ता, तिन्दवारी के पूर्व चेयरमैन, कृष्ण कुमार शुक्ल, चुनकान शुक्ला एवं संग्राम सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायियों बद्री गुप्ता, बिंदा गुप्ता, मनोज गुप्ता, रमेश गुप्ता, नीलकंठ गुप्ता, परमात्मादीन गुप्ता एवं हुकुमचंद गुप्ता की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। मीडिया जगत से दैनिक जागरण के देवेंद्र श्रीवास्तव, संजय अवस्थी, संदीप दीक्षित तथा अमर उजाला के बलराम सिंह एवं आशीष पटेल सहित गुड्डा सिंह, अनवारूल हक, मजीद सिद्दीकी एवं अन्य पत्रकार साथियों ने आयोजन की सहभागिता एवं कवरेज से समारोह को विशेष महत्व प्रदान किया।
समारोह का सबसे भावपूर्ण प्रसंग वह रहा, जब प्रबंधक हरवंश श्रीवास्तव ने श्रीरामलीला कमेटी के 90 सदस्यों को उनके अथक परिश्रम, निष्ठा और समर्पण के सम्मानस्वरूप ‘श्रीराम कृपा पाती’ स्मृति चिह्न भेंट किए।
यह सम्मान केवल एक स्मृति चिह्न नहीं, बल्कि उन अनगिनत श्रमशील हाथों, अनकहे त्यागों और निःस्वार्थ सेवाभाव का अभिनंदन था, जिनके संयुक्त प्रयासों से रामलीला की गौरवशाली परंपरा निरंतर जीवंत बनी हुई है।
प्रबंधक ने अभिनय मंडल के समस्त कलाकारों, अतिथियों, पत्रकार बंधुओं, सहयोगियों तथा नगर एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रामलीला की सफलता किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि सामूहिक समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने भावुक स्वर में कहा, “रामकाज में किसी का योगदान छोटा नहीं होता। जैसे समुद्र पर सेतु निर्माण में नन्ही गिलहरी का प्रयास भी प्रभु श्रीराम को प्रिय था, वैसे ही हमारी रामलीला में प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-बड़ा सहयोग हमारे लिए अमूल्य है। मैं उन सभी हाथों को नमन करता हूं, जिन्होंने तन, मन, समय, श्रम और संसाधनों से इस आयोजन को सफल बनाया। श्रीरामकार्यसेवकों का परिश्रम ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है।”
उन्होंने कमेटी के प्रत्येक सदस्य के अथक श्रम की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से तिन्दवारी की यह सांस्कृतिक परंपरा आने वाले वर्षों में और अधिक भव्यता एवं गरिमा के साथ आगे बढ़ेगी। प्रभु श्रीराम का राज्याभिषेक केवल रामलीला का अंतिम प्रसंग नहीं, बल्कि न्याय, करुणा, लोककल्याण और आदर्श शासन की स्थापना का प्रतीक है। रामराज्य की अवधारणा हमें सिखाती है कि समाज की वास्तविक उन्नति परस्पर विश्वास, कर्तव्यनिष्ठा, सेवा और समरसता से ही संभव है। श्रीरामलीला कमेटी तिन्दवारी ने इस महोत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और सेवा-संस्कारों का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। नगर के प्रबुद्ध जनों एवं रामलीला प्रेमियों ने आयोजन की भूरि-भूरि सराहना करते हुए कमेटी के प्रयासों को तिन्दवारी की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। समापन अवसर पर महामंत्री अरविन्द गुप्ता ने समस्त अतिथियों, पत्रकार साथियों, कलाकारों, श्रीरामकार्यसेवकों, सहयोगियों तथा नगर एवं क्षेत्रवासियों के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह महोत्सव भले ही विश्राम ले रहा है, किंतु प्रभु श्रीराम के आदर्शों का प्रकाश और सेवा का संकल्प अनवरत चलता रहेगा।
“कुछ ऋण शब्दों से नहीं, हृदय के भावों से चुकाए जाते हैं; और रामकाज में समर्पित प्रत्येक हाथ हमारे लिए प्रभु श्रीराम का ही आशीर्वाद है।”
रिपोर्टर : क़ासिद अली सिद्दीकी

No Previous Comments found.