पीड़ितों को निशुल्क कानूनी सहायता दिलाने के लिए आगे आएं कार्यकर्ता रीतू पटेल
बांदा : बबेरू बांदा मानवाधिकार फोरम की बैठक कस्बा कमासिन में संपन्न हुई। जिसमें महिला मोर्चा की नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रीतू पटेल ने गरीब, असहाय और शोषित परिवारों की मदद के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पीड़ित लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता दिलाने के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया जाए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर के प्रजापति की उपस्थिति में आयोजित बैठक में महिला मोर्चा की ब्लॉक अध्यक्ष सुनीता सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान नगर अध्यक्ष अनुसुइया अग्निहोत्री ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रीतू पटेल का माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहीं सुनीता सिंह ने अनुसुइया अग्निहोत्री का सम्मान किया। महिला कार्यकर्ताओं ने पीड़ित मानवता की सेवा का संकल्प लिया।
चित्रकूट मंडल अध्यक्ष संजय द्विवेदी ने कहा कि जनसमस्याओं की पहचान और उनके समाधान के लिए जिला, नगर और ब्लॉक स्तर पर नियमित मासिक बैठकें होनी चाहिए। गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए पैरवी की जाए। उन्होंने बताया कि हाल ही में अतिवृष्टि से प्रभावित चित्रकूट के बाढ़ पीड़ित परिवारों को संगठन की ओर से सहायता उपलब्ध कराई गई है। बैठक के अंत में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर के प्रजापति ने सभी का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर : अरुण मिश्रा

No Previous Comments found.