जनपद बांदा ने आईजीआरएस रैंकिंग में हासिल किया प्रदेश में चौथा स्थान, लगातार दूसरे माह उत्कृष्ट प्रदर्शन

बाँदा : जनपद बांदा ने जनसुनवाई एवं शिकायत निस्तारण प्रणाली (आईजीआरएस) तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। शासन द्वारा जारी माह अक्टूबर 2026 की प्रदेश स्तरीय आईजीआरएस रैंकिंग में जनपद बांदा ने प्रदेश के 75 जनपदों में चौथा स्थान प्राप्त किया है। इससे पूर्व माह सितंबर 2026 में जनपद को छठा स्थान प्राप्त हुआ था। इस प्रकार जनपद ने अपनी रैंकिंग में दो स्थानों का सुधार करते हुए प्रदेश में अग्रणी जनपदों में अपना स्थान बनाए रखा है।

यह उपलब्धि जिलाधिकारी श्री अमिता श्री के कुशल नेतृत्व, सतत निगरानी, नियमित समीक्षा बैठकों तथा जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के प्रति विशेष प्राथमिकता का परिणाम है। जिलाधिकारी द्वारा आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शिकायतों का निस्तारण मात्र औपचारिकता न होकर शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने वाला होना चाहिए।

जिलाधिकारी द्वारा विशेष रूप से शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनने, निस्तारण की गुणवत्ता में सुधार करने तथा असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त होने के कारणों की समीक्षा करने पर जोर दिया गया। साथ ही कम संतोषजनक फीडबैक वाले अधिकारियों की नियमित समीक्षा कर उन्हें कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री मयशंकर यादव द्वारा आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति का निरंतर अनुश्रवण किया गया। उनके द्वारा विभागवार लंबित प्रकरणों, निस्तारण की गुणवत्ता, शिकायतकर्ताओं के संतुष्टि स्तर तथा फीडबैक की नियमित समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शिकायत निस्तारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।

इसी क्रम में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री राज कुमार सोनी द्वारा आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी प्रशिक्षण, पोर्टल संचालन संबंधी मार्गदर्शन तथा शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एवं फीडबैक सुधार हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। उनके द्वारा विभागवार फीडबैक एवं संतोषजनक निस्तारण की स्थिति का नियमित डेटा विश्लेषण, कम प्रदर्शन वाले विभागों की पहचान, समीक्षा हेतु प्रगति रिपोर्ट तैयार करने तथा संबंधित अधिकारियों को तकनीकी समस्याओं के समाधान में सहयोग प्रदान करने का कार्य किया गया। साथ ही शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता एवं शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि बढ़ाने के उद्देश्य से संबंधित कार्मिकों को निरंतर मार्गदर्शन दिया गया।

जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि पर जनपद के समस्त संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनशिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक अधिकारी का दायित्व है कि वह शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुने तथा उसका वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करे।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की इस उपलब्धि को बनाए रखने के साथ-साथ आगामी माह में और बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से शिकायतकर्ताओं से नियमित संपर्क, निस्तारण की गुणवत्ता, संतोषजनक फीडबैक में वृद्धि तथा शिकायतों के पुनरावर्तन को रोकने पर ध्यान दिया जाए।

जनपद बांदा की यह उपलब्धि 

जिलाधिकारी के प्रभावी नेतृत्व, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) के सतत अनुश्रवण, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर के तकनीकी सहयोग एवं समस्त विभागीय अधिकारियों तथा कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

रिपोर्टर : क़ासिद अली सिद्दीकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.