अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल बुजुर्ग की कानपुर में मौत, परिवार में मचा कोहराम

बांदा - तिन्दवारी थाना क्षेत्र के ग्राम मिरगहनी निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग की सड़क हादसे में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, ग्राम मिरगहनी निवासी बंदी उर्फ अनंतराम प्रजापति (70) पुत्र भलुआ अपने खेत में पानी लगाने गए थे। खेत से काम निपटाकर वह वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सूर्य कुटी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घायल बुजुर्ग को एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिन्दवारी पहुंचाया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और स्थिति लगातार गंभीर होती चली गई। इसके बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने घटना की सूचना तिन्दवारी थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज बांदा भेज दिया। हादसे के बाद से गांव में शोक का माहौल है।

रिपोर्टर - क़ासिद अली सिद्दीकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.