बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा! BNP और अवामी लीग की झड़प में एक की मौत, कई जिलों में आगजनी
बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसक टकराव में बदलता नजर आ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को स्वदेश वापसी के ऐलान के बीच रविवार को देश के कई इलाकों में जमकर बवाल हुआ। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी यानी BNP और अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प में अवामी लीग के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी बांग्लादेश के शरियतपुर जिले में BNP और अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक संघर्ष हुआ। इस दौरान अवामी लीग के स्थानीय कार्यकर्ता इब्राहिम सिपाही की जान चली गई। पुलिस अधिकारी के अनुसार, झड़प के दौरान पेट्रोल बम जैसे विस्फोटक इस्तेमाल किए गए और घायल सिपाही की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वहीं, चश्मदीदों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने एक बाजार, रेस्तरां और कई वाहनों में आग लगा दी। देश के अलग-अलग हिस्सों में भी हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं।
हिंसा का असर यातायात पर भी देखने को मिला। रविवार सुबह प्रदर्शनकारियों ने सड़कें जाम कर दीं, जिसके चलते दक्षिण-पश्चिमी बांग्लादेश को राजधानी ढाका से जोड़ने वाले पद्मा ब्रिज पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। राजधानी ढाका समेत कम से कम 14 जिलों में हिंसा और विरोध प्रदर्शन की घटनाएं सामने आईं।
बिगड़ते हालात को देखते हुए बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश यानी BGB की टुकड़ियां संवेदनशील इलाकों में तैनात की गई हैं। पहले से तैनात सुरक्षा बलों के अलावा अतिरिक्त जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। कुछ जिलों में ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है।
दरअसल, बांग्लादेश में तनाव की एक बड़ी वजह शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी को माना जा रहा है। शेख हसीना ने 16 दिसंबर को भारत से बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। उनकी पार्टी अवामी लीग ने 29 और 30 नवंबर को देशव्यापी 48 घंटे के लॉकडाउन का आह्वान किया है। इसके बाद से कई इलाकों में प्रदर्शन, बम धमाकों और आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में बड़े पैमाने पर हुए छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की 15 साल पुरानी सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। इसके बाद वह बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। मई 2025 में अंतरिम सरकार ने अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया था। यह प्रतिबंध अभी भी लागू है।
अब शेख हसीना की वापसी की घोषणा और अवामी लीग के लॉकडाउन के बीच बांग्लादेश में राजनीतिक टकराव बढ़ता दिखाई दे रहा है। सवाल यह है कि क्या सरकार इन प्रदर्शनों पर काबू पा सकेगी या आने वाले दिनों में हिंसा और बढ़ेगी? फिलहाल पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

No Previous Comments found.