भारत बंद के बीच बैंक बंद होने की आशंका, ग्राहकों के लिए CSP बनेगा सहारा-
नई दिल्ली। ट्रेड यूनियनों द्वारा 12 फरवरी को बुलाए गए भारत बंद में बैंक कर्मचारी यूनियनों के शामिल होने से देशभर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। कई बैंक शाखाओं में कामकाज ठप रह सकता है या शाखाओं पर ताला लटका मिल सकता है। ऐसे में ग्राहकों को नकद निकासी, लेन-देन और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि डिजिटल बैंकिंग, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसे विकल्प उपलब्ध हैं, लेकिन हर ग्राहक इनका उपयोग करने में सहज नहीं होता। ऐसे में ग्राहक सेवा केंद्र (Customer Service Point-CSP) एक अहम विकल्प बनकर सामने आते हैं। हड़ताल के दौरान भी CSP खुले रहने की संभावना रहती है, क्योंकि इन्हें बैंक कर्मचारी नहीं बल्कि बैंक मित्र या बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट (BC) संचालित करते हैं।
CSP पर ग्राहक नकद निकासी, जमा, फंड ट्रांसफर, मिनी स्टेटमेंट, बैलेंस चेक जैसी कई बुनियादी बैंकिंग सेवाएं ले सकते हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और HDFC बैंक सहित कई सरकारी और निजी बैंकों के ग्राहक सेवा केंद्र ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में संचालित हो रहे हैं।
अक्सर गली-मोहल्लों या बाजारों में इन केंद्रों के बोर्ड देखे जा सकते हैं। जिन ग्राहकों को डिजिटल माध्यमों की जानकारी नहीं है या एटीएम तक पहुंच मुश्किल है, उनके लिए CSP सुविधाजनक विकल्प साबित हो सकते हैं।
भारत बंद के चलते यदि बैंक शाखाएं बंद रहती हैं, तो ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है। नजदीकी ग्राहक सेवा केंद्र पर जाकर वे अपने आवश्यक बैंकिंग कार्य आसानी से निपटा सकते हैं।
No Previous Comments found.